एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अभियान शुरु करेगा भारत, 10 सितंबर को फिर होगी भिड़ंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Jul 2023 10:28 PM
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अभियान शुरु करेगा भारत, 10 सितंबर को फिर होगी भिड़ंत
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारत बुधवार को एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत दो सितंबर को कैंडी में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगा जबकि 10 सितंबर को कोलंबो में सुपर चार चरण में उसका सामना फिर अपने इस चिर प्रतिद्वंद्वी से होगा.

ऐसा भी मौका बन सकता है कि 15 दिन के अंदर भारत-पाक तीसरी बार एक दूसरे के आमने सामने हों और ऐसा दोनों टीमों के 17 सितंबर को प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की स्थिति में हो सकता है. छह टीमों का यह एक दिवसीय टूर्नामेंट 30 अगस्त से मुल्तान में आरंभ होगा जिसमें मेजबान पाकिस्तान का सामना नेपाल से होगा. यह टूर्नामेंट आईसीसी विश्व कप की तैयारियों के लिए अहम होगा.

एशिया कप ‘हाइब्रिड मॉडल’ के आधार पर खेला जा रहा है जिसमें चार मैच पाकिस्तान में खेले जायेंगे जबकि फाइनल सहित नौ अन्य मुकाबले श्रीलंका के कैंडी और कोलंबो में आयोजित होंगे. भारत के अलावा पाकिस्तान और नेपाल ग्रुप ए में शामिल हैं जबकि अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ग्रुप बी की टीमें हैं.

एसीसी अध्यक्ष जय शाह ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पहले दौर के बाद पाकिस्तान इसमें ए1 और भारत ए2 टीम बना रहेगा, भले ही उनके स्थान कोई भी रहें. अगर इन दोनों में से कोई भी टीम क्वालीफाई नहीं करती है तो नेपाल उनकी जगह लेगा. इसी तरह ग्रुप बी में श्रीलंकाई टीम बी1 और बांग्लादेश बी2 टीम हेगी. अगर इनमें से कोई भी टीम सुपर चार में नहीं पहुंच पाती है तो अफगानिस्तान उनकी जगह लेगी.

पाकिस्तान को पूर्व कार्यक्रम के अनुसार इस साल एशिया कप की मेजबानी करनी थी लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सीमा पार टीम भेजने से इनकार करने के बाद इसे ‘हाइब्रिड मॉडल’ के आधार पर आयोजित किया जा रहा है. टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में पाकिस्तान से भिड़ने के बाद रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम एक दिन के ब्रेक के बाद चार सितंबर को कैंडी में नेपाल के सामने होगी.

कार्यक्रम :
ग्रुप चरण :
30 अगस्त : पाकिस्तान बनाम नेपाल, मुल्तान 31 अगस्त : बांग्लादेश बनाम श्रीलंका, कैंडी दो सितंबर : भारत बना पाकिस्तान, कैंडी तीन सितंबर : बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान, लाहौर चार सितंबर : भारत बनाम नेपाल, कैंडी पांच सितंबर : श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, लाहौर सुपर चार चरण :
छह सितंबर : ए1 बनाम बी2, लाहौर नौ सितंबर : बी1 बनाम बी2, कोलंबो 10 सितंबर : ए1 बनाम ए2, कोलंबो 12 सितंबर : ए2 बनाम बी1, कोलंबो 14 सितंबर : ए1 बनाम बी1, कोलंबो 15 सितंबर : ए2 बनाम बी2, कोलंबो 17 सितंबर : फाइनल, कोलंबो.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu