भारत vs आयरलैंड : गायकवाड़, सैमसन और रिंकू ने भारत को विशाल स्कोर दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 09:53 PM
भारत vs आयरलैंड : गायकवाड़, सैमसन और रिंकू ने भारत को विशाल स्कोर दिया
ऑडियो सुनें

डबलिन.  रूतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और रिंकू सिंह की आक्रामक पारियों के दम पर भारत ने आयरलैंड के खिलाफ रविवार को दूसरे टी20 मैच में पांच विकेट पर 185 रन बनाए. गायकवाड़ ने 43 गेंद में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाये जबकि संजू सैमसन ने 26 गेंद में 40 रन बनाये जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था . आईपीएल स्टार रिंकू सिंह ने 21 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 38 रन बनाये . भारत ने वर्षाबाधित पहला टी20 मैच डकवर्थ लुईस प्रणाली से दो रन से जीता था .

भारतीय पारी का आगाज काफी आक्रामक रहा जब सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने जोश लिटिल की गेंद पर दो चौके और एक छक्का लगाया . जायसवाल ने 11 गेंद में 18 रन बनाये . जायसवाल इस आक्रामक शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और क्रेग यंग ने उन्हें डीप में कुर्टिस कैम्फर के हाथों लपकवाया .

तिलक वर्मा लगातार दूसरे मैच में नाकाम रहे और बैरी मैकार्थी की गेंद पर सीमारेखा के पास जॉर्ज डॉकरेल को कैच दे बैठे .
भारत के दो विकेट 35 रन पर गिर गए थे जिसके बाद सैमसन और गायकवाड़ ने तीसरे विकेट के लिये 71 रन की साझेदारी करके भारत को 12वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया . एशिया कप के लिये भारतीय टीम का चयन सोमवार को होना है और ऐसे में सैमसन ने शानदार पारी खेलकर अपना दावा भी पेश किया है .

गायकवाड़ ने उनके सहयोगी की भूमिका निभाते हुए उन्हें अधिकतम स्ट्राइक दी . सैमसन ने 11वें ओवर में जोश लिटिल की धुनाई करते हुए 18 रन निकाले इसमें लगातार तीन चौके शामिल थे . वह लेग स्पिनर व्हाइट को कवर के ऊपर खेलने के प्रयास में चूके और गेंद उनके स्टम्प पर जा लगी .

गायकवाड़ ने इस बीच व्हाइट की गेंद पर पुल शॉट खेलकर टी20 क्रिकेट में दूसरा अर्धशतक पूरा किया . उन्होंने व्हाइट को उसके सिर के ऊपर से छक्का लगाया. गायकवाड़ की पारी का अंत मैकार्थी की धीमी गेंद पर हुआ और मिडआफ में हैरी टेक्टर ने उनका कैच लपका. रिंकू और शिवम दुबे ने 19वें और 20वें ओवर में क्रमश: 22 और 20 रन निकाले .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu