
हांग्झोउ. प्राची यादव मंगलवार को यहां एशियाई पैरा खेलों में पैरा कैनोइंग (पाल नौकायन) में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं. उन्होंने लगातार दूसरे दिन देश के लिए पदक हासिल किया.
भारत ने मंगलवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन चार स्वर्ण सहित 18 पदक जीते. इससे देश के पदकों की कुल संख्या 35 हो गयी. भारत ने सोमवार को खेलों के पहले दिन छह स्वर्ण सहित 17 पदक जीते थे.
भारत 10 स्वर्ण, 12 रजत और 13 कांस्य के साथ चीन (155), ईरान (44) और उज्बेकिस्तान (38) के बाद तालिका में चौथे स्थान पर है. कैनोइंग वीएल2 वर्ग में सोमवार को रजत पदक जीतने वाली प्राची ने केएल2 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इन खेलों का दूसरा पदक हासिल किया.
दीप्ति जीवनजी (महिला टी20 400 मीटर), शरत शंकरप्पा मकनहल्ली (पुरुष टी13 5000 मीटर) और नीरज यादव (पुरुष एफ54/55/56 चक्का फेंक) मंगलवार को अन्य स्वर्ण पदक विजेता थे. कमर से नीचे लकवाग्रस्त 28 साल की प्राची ने केएल2 स्पर्धा में 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए 54.962 सेकंड का समय लिया. इस वर्ग में एथलीट अपने हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से का इस्तेमाल कर खुद को आगे बढ़ाते हैं. वह ग्वालियर की रहने वाली हैं.
इसके बाद दीप्ति ने महिलाओं की टी20 श्रेणी की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता. बौद्धिक रूप से कमजोर एथलीटों की इस स्पर्धा में दीप्ति ने 56.69 सेकंड के साथ खेलों और एशियाई रिकॉर्ड कायम किया.
माकनहल्ली ने दृष्टिबाधित धावकों द्वारा प्रतिस्पर्धा की गई 5000 मीटर दौड़ में 20:18.90 का समय लेकर जीत हासिल की. इस स्पर्धा में केवल स्वर्ण पदक प्रदान किया गया क्योंकि इस स्पर्धा में केवल दो एथलीटों ने भाग लिया था.
भारतीयों ने पुरुषों ने एफ54/55/56 चक्का फेंक स्पर्धा में तीनों पदक जीते. जिसमें नीरज यादव ने 38.56 मीटर की एशियाई रिकॉर्ड दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता. योगेश कथुनिया (42.13 मीटर) और मुथुराजा (35.06 मीटर) क्रमश? दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.
रवि रोंगाली (पुरुष एफ40 गोला फेंक), प्रमोद (पुरुष टी46 1500 मीटर), अजय कुमार (पुरुष टी64 400 मीटर) और सिमरन शर्मा (महिला टी12 100 मीटर) ने ट्रैक स्पर्धाओं से एक-एक रजत पदक जीता. राकेश भैरा ने पुरुषों की टी46 1500 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता.
पैरा निशानेबाजी में रुद्राक्ष खंडेलवाल और मनीष नरवाल ने पी1 पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में क्रमश? रजत और कांस्य पदक जीता, जबकि रुबीना फ्रांसिस ने पी2 महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 श्रेणी में कांस्य पदक जीता.
दिन के कांस्य पदक विजेताओं में प्राची के पति मनीष कौरव (पुरुषों की केएल3 डिंगी) भी शामिल है. उनके अलावा अशोक (पुरुषों की 65 किग्रा पावरलिफ्टिंग), गजेंद्र सिंह (पुरुषों की वीएल2 डोंगी) और एकता भयान (महिलाओं की एफ32/51 क्लब थ्रो) ने भी कांस्य पदक हासिल किया.
एशियाई पैरा खेल: प्रधानमंत्री मोदी ने पदक विेजेताओं को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को चीन के हांगझोउ में एशियाई पैरा खेल-2022 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की. प्रधानमंत्री ने महिलाओं की पैरा कैनो केएल2 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर प्राची यादव को बधाई दी.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”महिलाओं की पैरा कैनो केएल2 स्पर्धा में गौरवपूर्ण स्वर्ण पदक जीतने पर प्राची यादव को बधाई. यह ऐसा असाधारण प्रदर्शन था, जिसने भारत को गौरवान्वित किया. भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.” महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर सिमरन वत्स को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ”यह उत्कृष्ट प्रदर्शन उनके समर्पण और प्रतिभा का प्रमाण है.”
प्रधानमंत्री ने एशियाई पैरा खेल 2022 में मनीष कौरव द्वारा कांस्य पदक जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त की उन्होंने कहा, ”एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों की पैरा कैनो केएल3 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन और कांस्य पदक जीतने के लिए मनीष कौरव को बधाई. यह बेहद उत्कृष्ट उपलब्धि है, जो उनके विशुद्ध समर्पण का परिणाम है!” मोदी ने महिलाओं की 400 मीटर-टी20 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर क्वार्टर-माईलर दीप्ति जीवनजी को बधाई दी.
उन्होंने कहा, ”दीप्ति जीवनजी का शानदार प्रदर्शन! एशियाई पैरा खेलों में महिलाओं की 400 मीटर-टी20 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर दीप्ति को बधाई. ट्रैक पर उनका जज्बा बेजोड़ था, जिसने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया. हम सभी को गौरवान्वित करने के लिए दीप्ति को शुभकामनाएं.” पैरा कैनो पुरुष वीएल2 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर गजेंद्र सिंह को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ”एक उल्लेखनीय जीत. पैरा एशियाई खेलों में पैरा कैनो पुरुष वीएल2 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर गजेंद्र सिंह को बधाई. भारत इस उपलब्धि की सराहना करता है! उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.” प्रधानमंत्री ने अन्य पदक विजेताओं को भी बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की.



