भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 13-0 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 08:18 PM
भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 13-0 से हराया
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. युवा स्ट्राइकर संगीता कुमारी की हैट्रिक समेत अपने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में पूल ए के अपने पहले मैच में सिंगापुर को 13-0 से हराया. भारत ने पहले दो क्वार्टर में आठ और आखिरी दो क्वार्टर में पांच गोल किये.

विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज भारत का सामना पूल ए के मैच में 34वीं रैंकिंग वाली टीम से था . तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय टीम के लिये संगीता (23वां, 53वां, 47वां मिनट) ने तीन गोल किये जबकि नवनीत कौर ने 14वें मिनट में लगातार दो गोल दागे. दीपिका (11वां), सुशीला चानू (आठवां), उदिता (छठा), नेहा (19वां), दीप ग्रेस इक्का (17वां), सलीमा टेटे (35वां), वंदना कटारिया (56वां) और मोनिका (52वां) ने गोल दागे. सिंगापुर की टीम भारतीय गोल पर हमले भी नहीं बोल सकी. भारत को अब 29 सितंबर को मलेशिया से खेलना है.

कप्तान सविता पूनिया ने मैच के बाद कहा ,” यह शानदार प्रदर्शन था और हम इससे खुश हैं . युवा खिलाड़ियों ने सीनियर्स के साथ शानदार तालमेल दिखाया जिससे हमारा काम आसान हो गया .” उन्होंने कहा ,” हम मैच दर मैच रणनीति बना रहे हैं . अब हमारा फोकस मलेशिया पर है . हमारे पास एक दिन का समय है जिसमें हम मलेशिया के खेल को देखकर उसके खिलाफ तैयारी करेंगे . हमारे पूल में कोरिया भी है और वह बहुत अच्छी टीम है . हम पूल में शीर्ष पर रहने की कोशिश करेंगे .”

भारत को पहले हाफ में कई पेनल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से पांच पर गोल हुए . भारत ने छठे मिनट में उदिता के गोल पर बढत बना ली . इसके दो मिनट बाद सुशीला ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया . दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके बढत तिगुनी कर दी . नवनीत ने 14वें मिनट के भीतर लगातार दो गोल किये जिनमें से पहला गोल पेनल्टी पर था .

दीप ग्रेस ने अगला गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किया जिसके बाद संगीता ने एक जबर्दस्त फील्ड गोल दागा . नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 8 . 0 की बढत दिलाई. दूसरे हाफ में भी यही सिलसिला जारी रहा . सिंगापुर के खिलाड़ियों ने भारतीयों पर नकेल कसने की कोशिश जरूर की लेकिन भारत ने पांच गोल दागे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu