ईरान ने कई महिलाओं से दुष्कर्म के दोषी को सार्वजनिक रूप से फांसी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Nov 2024 09:33 PM
ईरान ने कई महिलाओं से दुष्कर्म के दोषी को सार्वजनिक रूप से फांसी दी
ऑडियो सुनें

तेहरान. पिछले दो दशक में कई महिलाओं से दुष्कर्म के दोषी एक ईरानी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटका दिया गया. ईरान के सरकारी मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी. सरकारी ‘आईआरएएन’ अखबार ने बताया कि देश के उच्चतम न्यायालय ने अक्टूबर की शुरुआत में मोहम्मद अली सलामत की मौत की सजा बरकरार रखी थी जिसके बाद उसे फांसी दे दी गयी. उसे मंगलवार सुबह पश्चिमी हमेदान शहर में एक कब्रिस्तान में मौत की सजा दी गयी. करीब 200 महिलाओं ने दवा की दुकान और एक जिम चलाने वाले 43 वर्षीय सलामत पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था. ऐसा आरोप था कि उसने पिछले 20 वर्ष में कई अपराधों को अंजाम दिया.

ईरानी मीडिया में आयी खबरों में कहा गया है कि कई मामलों में सलामत ने महिलाओं को शादी का प्रस्ताव देने के बाद या प्रेम प्रसंग के दौरान उनका दुष्कर्म किया. उसने कुछ महिलाओं को कथित तौर पर गर्भपात की दवाएं भी दीं जो ईरान में गैरकानूनी है. उसे जनवरी में गिरफ्तार किया गया था. इसे ईरान में एक अपराधी द्वारा दुष्कर्म के सबसे अधिक अपराध को अंजाम देने का मामला बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी के बाद सैकड़ों लोग शहर के न्याय विभाग के सामने एकत्रित हो गए थे और उन्होंने सलामत को फांसी देने की मांग की थी. ईरान में दुष्कर्म और व्यभिचार के लिए मौत की सजा का प्रावधान है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu