इजराइल ने हमास के अगले संभावित प्रमुख को मार गिराने का किया दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Oct 2024 10:24 PM
इजराइल ने हमास के अगले संभावित प्रमुख को मार गिराने का किया दावा
ऑडियो सुनें

बेरूत/टायरे/तेल अवीव. इजराइल ने दावा किया है कि उसने इस महीने की शुरुआत में बेरूत में हुए हवाई हमले में हिजबुल्ला के एक नेता हाशिम सैफीद्दीन को मार गिराया था, जिसके पिछले महीने इजराइली हवाई हमले में मारे गए संगठन प्रमुख हसन नसरल्ला की जगह लेने की प्रबल संभावना थी.

इजराइल के अनुसार अक्टूबर की शुरुआत में किए गए हमले में सैफीद्दीन और हिजबुल्ला के 25 अन्य नेता मारे गए थे. पिछले सप्ताह इजराइल ने गाजा में युद्ध के दौरान हमास के शीर्ष नेता याहया सिनवार को मार गिराया था. बेरूत के जिस उपनगर में सफीदीन की मौत हुई थी, वहां मंगलवार को फिर से हवाई हमले किए गए. इन हमलों में उस इमारत को निशाना बनाया गया है, जिसमें इजराइल के दावे के अनुसार हिजबुल्ला का ठिकाना था.

इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने इजराइल की अपनी यात्रा के दौरान कहा कि नेताओं को सिनवार की मौत को युद्ध खत्म करने के एक अवसर के तौर पर देखना चाहिए. ब्लिंकन ने इस बात पर भी जोर दिया कि इजराइल को फलस्तीनियों को मानवीय सहायता भेजने में और अधिक मदद करनी चाहिए. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने ब्लिंकन के साथ दो घंटे से अधिक समय तक चली उनकी बैठक को सार्थक बताया.

हिजबुल्ला ने इजराइली हमले में शीर्ष सदस्य हाशिम सैफीद्दीन के मारे जाने की पुष्टि की

हिजबुल्ला ने बुधवार को घोषणा की कि उसके शीर्ष सदस्यों में से एक हाशिम सैफीद्दीन इजराइली हवाई हमले में मारा गया. हाशिम सैफीद्दीन के पिछले महीने इजराइली हवाई हमले में मारे गए संगठन प्रमुख हसन नसरल्ला की जगह लेने की प्रबल संभावना थी. यह घोषणा इजराइल द्वारा इस बयान के एक दिन बाद की गई कि इस महीने की शुरुआत में बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में उसके एक हमले में सैफीद्दीन मारा गया था. पिछले कई हफ्तों में इजराइली हमलों में हिजबुल्ला के कई शीर्ष सदस्य मारे गए हैं.

ब्लिंकन के होटल के निकट मिसाइल को मार गिराया गया, तेल अवीव में सायरन बजे

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की इजराइल के शहर तेल अवीव की यात्रा के दौरान बुधवार को पूरे शहर में सायरन की तेज आवाज सुनी गई और जिस होटल में वह ठहरे थे उसके ऊपर धुंए का गुबार देखा गया. संभवत: यह धुआं उस मिसाइल से निकला था जिसे मार गिराया गया था. ब्लिंकन ने कहा कि इजराइल को हमास के खिलाफ अपनी हालिया सामरिक जीत के बाद एक ”स्थायी रणनीतिक सफलता” हासिल करने की जरूरत है.

इजराइल-हमास युद्ध की शुरुआत के बाद से क्षेत्र की अपनी 11वीं यात्रा के तहत इजराइल पहुंचे ब्लिंकन ने सऊदी अरब के लिए रवाना होने से पहले युद्ध को समाप्त करने और कई बंधकों को वापस लाने के लिए एक समझौते का आग्रह किया. हालांकि दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास का नामोनिशान मिटाने और समूह द्वारा बंधक बनाए गए कई लोगों को छुड़ाने की कसम खाई हुई है. उधर, हमास का कहना है कि वह बंधकों को तभी रिहा करेगा जब स्थायी युद्धविराम, गाजा से इजराइल की पूरी तरह वापसी और फलस्तीनी कैदियों की रिहाई होगी.

सात अक्टूबर, 2023 को हमास के नेतृत्व वाले चरमपंथी इजराइल की सुरक्षा में सेंध लगाकर देश के अंदर घुस आए थे. हमास के इस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातार आम नागरिक थे और 250 अन्य का अपहरण कर लिया गया.
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गाजा में इजराइल के हमले में 42,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं, जो चरमपंथियों और आम नागरिकों के बीच कोई अंतर नहीं करता. युद्ध ने गाजा के बड़े इलाकों को नष्ट कर दिया है और इसकी 23 लाख की आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो गए हैं. व्यापार एवं विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन ने एक रिपोर्ट में कहा कि गाजा की तबाह अर्थव्यवस्था को युद्ध-पूर्व के स्तर पर लौटने में 350 वर्ष लग सकते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu