गाजा के उत्तरी हिस्से में इजराइल का हमला, बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए, अस्पतालों पर खतरा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 09 Oct 2024 04:31 PM
गाजा के उत्तरी हिस्से में इजराइल का हमला, बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए, अस्पतालों पर खतरा
ऑडियो सुनें

दीर अल-बला: फलस्तीनी अधिकारियों और नागरिकों ने बुधवार को कहा कि उत्तरी गाजा में बड़े पैमाने पर इजराइल के हमलों में दर्जनों लोग मारे गए और घायल हुए हैं, तथा हमास के साथ युद्ध के एक वर्ष बाद तीन अस्पतालों के बंद होने का खतरा है।

जबालिया में भीषण लड़ाई चल रही है, जहां इजराइली सेना ने युद्ध के दौरान कई बड़े अभियान चलाए और जब चरमपंथी एकजुट होने लगे तो सेना वापस आ गई। गाजा शहर सहित पूरे उत्तरी क्षेत्र में भारी तबाही हुई है और पिछले साल के अंत से इजराइली सेना द्वारा इसे काफी हद तक अलग-थलग करके रखा गया है।

गाजा में विनाश और मौत के चक्र की शुरुआत पिछले साल सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल पर हमास के हमले के साथ हुई। इजराइल अब लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ एक सप्ताह पुराने जमीनी हमले का विस्तार कर रहा है और ईरान पर एक बड़ा जवाबी हमला करने पर विचार कर रहा है।

साल 1948 में इजराइल के निर्माण के समय से चले आ रहे शरणार्थी शिविर जबालिया के निवासियों का कहना है कि भारी हवाई हमलों और इलाका छोड़ने की चेतावनियों के कारण सैकड़ों लोग अपने घर छोड़ चुके हैं। लोगों के शवों को अल-अहली अस्पताल में लाया जा रहा है। अस्पताल के अनुसार, बुधवार सुबह हवाई हमले में दो महिलाओं और दो बच्चों सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।

दीर अल-बला के अल-अक्सा शहीदी अस्पताल के अनुसार मध्य गाजा में हमलों में नौ अन्य लोग मारे गए जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। एसोसिएटिड प्रेस के एक संवाददाता ने शवों की गिनती की।गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से फलस्तीनियों की मौत का आंकड़ा 42,000 को पार कर गया है और 97,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार अस्पतालों पर भी खतरा है। गाजा शहर में अल-अहली अस्पताल के निदेशक फदेल नईम ने कहा कि इस महीने की शुरूआत में इजराइल द्वारा हवाई और जमीनी अभियान शुरू किए जाने के बाद से, फलस्तीनी क्षेत्र के उत्तरी हिस्से से बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने और घायल होने की सूचना मिली है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav