रोमांटिक-कॉमेडी फिल्में बनाना कठिन, इसमें किरदार के पीछे छिपने की गुंजाइश नहीं : रणबीर कपूर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Jan 2023 06:37 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता रणबीर कपूर जल्द ही रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ में नजर आएंगे. अपने फिल्मी कॅरियर में ‘रॉकस्टार’, ‘बर्फी’, और ‘संजू’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता ने कहा कि उन्हें रोमांटिक-कॉमेडी फिल्में करना ज्यादा मुश्किल लगता है क्योंकि इनमें फिल्म के किरदार के पीछे छिपने की कोई गुंजाइश नहीं होती है. वर्ष 2022 की सबसे बड़ी सुपरहिट फिल्मों में शामिल ‘एक ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन शिव’ के बाद अभिनेता अब फिल्म निर्माता लव रंजन की फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ में नजर आएंगे.

वर्ष 2013 की सुपरहिट फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ के बाद रणबीर इस शैली की फिल्म में आ रहे हैं. इस तरह की शैली वाली फिल्मों में पिछले कुछ साल में अपनी अनुपस्थिति के बारे में बताते हुए वह कहते हैं, ”मैं सिर्फ इस बात को लेकर असुरक्षित महसूस करता हूं कि मेरे व्यक्तित्व में कोई कमी न हो और मैं इस शैली की फिल्मों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन कर सकूं.” फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर संवाददाताओं से बात करते हुए अभिनेता ने कहा, ”अभिनेताओं के चेहरे और व्यक्तित्व बहुत सीमित होते हैं. कभी-कभी, आप उनमें से बाहर निकल जाते हैं, और आपको किरदारों की आवश्यकता होती है. रोमांटिक-कॉमेडी सबसे कठिन शैली है. ‘संजू’ या ‘रॉकस्टार’ जैसी फिल्मों में किरदार के पीछे छिपा जा सकता है, लेकिन ‘तू झूठी मैं मक्कार’ जैसी फिल्मों में नहीं.”

रणबीर कपूर ने कहा कि ‘प्यार का पंचनामा 2’ देखने के बाद उन्होंने फिल्म निर्माता रंजन से बात की और उनके साथ काम करने की इच्छा जताई. शुरुआत में दोनों ने एक अन्य फिल्म में काम करने की योजना भी बनाई जिसमें अजय देवगन भी थे, लेकिन जब निर्देशक ने ‘तू झूठी मैं मक्कार’ के बारे में बताया तो उन्होंने इस फिल्म के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया. रणबीर कपूर के साथ इस फिल्म में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर भी नजर आएंगी.

कपूर ने कहा, ‘‘मैं श्रद्धा को बचपन से जानता हूं क्योंकि हमारे माता-पिता दोस्त हैं. इसलिए, हम लंबे समय से दोस्त हैं. उनके साथ काम करते हुए मैंने महसूस किया कि हम दोनों की रचनात्मक ऊर्जा एक जैसी है. वह उसी तरह के जुनून, समर्पण और जोश के साथ आती हैं. वह ऐसी अभिनेत्री हैं जिन्हें बहुत से लोग प्यार करते हैं. उनकी उपस्थिति ने ‘तू झूठी मैं मक्कार’ को बहुत महत्व दिया. यह लव की प्रतिभा है कि उन्होंने हमें एक साथ रखा.” रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ रंजन और अंकुर गर्ग की लव फिल्म्स द्वारा निर्मित है जिसे टी-सीरीजÞ द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है. यह फिल्म बड़े पर्दे पर 8 मार्च को रिलीज होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu