Jaipur: झगड़े में युवक की मौत से जयपुर में तनाव, शास्त्री नगर थाने में पत्थरबाजी, विधायक और आईपीएस के बीच तकरार

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 17 Aug 2024 07:28 PM
Jaipur: झगड़े में युवक की मौत से जयपुर में तनाव, शास्त्री नगर थाने में पत्थरबाजी, विधायक और आईपीएस के बीच तकरार
ऑडियो सुनें

जयपुर: शास्त्री नगर इलाके में दिनेश स्वामी नामक युवक की मौत के बाद जयपुर में तनाव की स्थिति बन गई है। एक तरफ समाज के लोग शास्त्री नगर थाने पर ही धरना देने बैठ गए। तो वहीं दूसरी ओर थाने के बाहर लोगों ने धरना दे रहे समाज के लोगों पर पथराव कर दिया। पुलिस ने थाने के बाहर बैठे दो युवकों को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार झगड़े में युवक की मौत के बाद समाज के लोग थाने पर धरना दे रहे थे। इस बीच विधायक गोपाल शर्मा और हवामहल विधायक बाल मुकुंद आचार्य थाने पहुंचकर समझाइश कर रहे थे। तभी थाने के बाहर धरना दे रहे लोगों पर सामने के मकान से पथराव हुआ, जिसके जवाब में हिंदू समुदाय के लोगों ने भी पथराव किया।

इस पर पुलिस ने थाने के बाहर बैठे दो युवकों को हिरासत में लिया। इस गिरफ्तारी के विरोध में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा और आईपीएस राशि डोगरा के बीच नोकझोंक हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर थाने से लोगों को बाहर निकलने का प्रयास किया।

एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी की मांग
विधायक और उनके सहयोगियों ने पुलिस पर बदतमीजी करने का आरोप भी लगाया। कहा गया कि आईपीएस राशि डोगरा बल प्रयोग करने की कोशिश कर रही हैं। सरकार और पीड़ित पक्ष के बीच सहमति बनाने का प्रयास जारी है। पीड़ित पक्ष एक करोड़ रुपये एक सरकारी नौकरी और एक डेयरी की मांग कर रहा है।

ये है मामला
जयपुर के शास्त्री नगर इलाके में बीती रात एक झगड़े के बाद 36 वर्षीय युवक दिनेश स्वामी की मौत हो गई थी। स्वामी बस्ती निवासी दिनेश स्वामी अपने साथी जितेंद्र के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था। तभी आजाद कॉलोनी में उसकी स्कूटी की टक्कर एक ई-रिक्शा से हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा में सवार तीन युवकों और दिनेश के बीच मारपीट हो गई। इस घटना के बाद दिनेश स्वामी अपने घर पहुंचा, लेकिन वहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news