जम्मू कश्मीर: सेना ने घुसपैठ की कोशिश को किया विफल, एक आतंकी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 10:30 PM
जम्मू कश्मीर: सेना ने घुसपैठ की कोशिश को किया विफल, एक आतंकी ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना ने रविवार को नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की एक कोशिश को विफल कर दिया और इस दौरान एक आतंकवादी मारा गिराया . पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, संभावित घुसपैठ के प्रयासों की सूचना के आधार पर कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर के दखें-अमरोही इलाके में पुलिस और सेना ने एक संयुक्त घेराबंदी तथा तलाशी अभियान शुरू किया था.

उन्होंने कहा,”तलाशी अभियान के दौरान आतंवादियों की घुसपैठ की हरकत देखी गई. उन्हें संयुक्त दल ने चुनौती दी जिसमें एक आतंकवादी मारा गया.” प्रवक्ता ने कहा कि घनी झाड़ियों और ऊबड़-खाबड़ इलाके का फायदा उठाकर दो . तीन अन्य आतंकवादी पाकिस्तान की ओर वापस भाग गए.

पुलिस ने एक ट्वीट में बताया, ”सेना और कुपवाड़ा पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में तंगधार सेक्टर के अमरोही इलाके में नियंत्रण रेखा पर एक आतंकवादी को मार गिराकर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. आतंकवादी के पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया. तलाशी अभियान जारी है. इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी.” पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ वाले स्थान से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गयी है. ऐसा मानना है कि मारा गया आतंकवादी पाकिस्तान का नागरिक है.

इस घटना में जब्त किए गए हथियारों और गोला-बारूद में एक एके राइफल, एक एके मैगजीन, 15 एके कारतूस, पांच 9 मिमी पिस्तौल, एक 15 मिमी पिस्तौल, आठ पिस्तौल की मैगजीन और 9 मिमी पिस्तौल के 32 कारतूस शामिल हैं. प्रवक्ता ने कहा,”इन सामग्रियों की बरामदगी घुसपैठियों के गलत इरादों और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता को बाधित करने के उनके प्रयासों की तरफ इशारा करती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu