फिल्म जेलर के ‘कावला’ गाने पर थिरके जापानी राजदूत, वीडियो वायरल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Aug 2023 09:22 PM
फिल्म जेलर के ‘कावला’ गाने पर थिरके जापानी राजदूत, वीडियो वायरल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत में जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी द्वारा रजनीकांत अभिनीत फिल्म ‘जेलर’ के गाने ‘कावला’ पर थिरकते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. सुजुकी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बुधवार को 17 सेकंड का एक क्लिप साझा किया, जिसमें उन्हें जापानी यूट्यूबर मेयो के साथ लोकप्रिय तमिल गाने पर थिरकते हुए देखा जा सकता है.

राजदूत ने पोस्ट को कैप्शन दिया, “जापानी यूट्यूबर मेयो सान के साथ पेश है ‘कावला’ डांस वीडियो, रजनीकांत को ढ़ेर सारा प्यार.” इस वीडियो को लगभग 820,000 बार देखा गया तथा इसे 300 से अधिक टिप्पणियां मिलीं. मेयो ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस वीडियो को साझा किया तथा इसके लिये सुजुकी को धन्यवाद दिया.

हाल ही में, एक जापानी जोड़े ने 10 अगस्त को फिल्म “जेलर” की रिलीज के दौरान दक्षिण में रजनीकांत की हर फिल्म के प्रीमियर पर होने वाले उत्सव का अनुभव करने के लिए चेन्नई का दौरा किया. नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित, ‘जेलर’ 10 अगस्त को दुनिया भर में रिलीज हुई थी. प्रोडक्शन बैनर सन पिक्चर्स के अनुसार फिल्म ने रिलीज के पहले सप्ताह 375.40 करोड़ रुपये की कमाई की है. इस फिल्म में विनायकन और राम्या कृष्णन भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu