जशपुर : जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Jun 2022 09:03 PM
जशपुर : जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

ऑडियो सुनें

जशपुर. छत्तीसगढ के जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई. वन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले के कुनकुरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कंडोरा करमटोली गांव के जंगल में हाथी के हमले में राजेश राम (35) नामक युवक की मौत हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिली है कि राजेश अपने कुछ साथियों के साथ आज सुबह जंगल गया था. जब वह जंगल में थे तब उनका सामना जंगली हाथी से हो गया. राजेश के अन्य साथी जान बचाकर भाग निकले लेकिन राजेश नहीं भाग पाया और हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला.

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था. बाद में दल ने शव बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने बताया कि जंगली हाथी के हमले में मृत राजेश के परिवार को 25 हजार रूपये बतौर तात्कालिक सहायता राशि दी गई है.

By Yogesh Kumar Sahu