कबीरधाम: सड़क दुर्घटना में दो बच्चों की मौत, 20 लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Jun 2022 05:42 PM
कबीरधाम: सड़क दुर्घटना में दो बच्चों की मौत, 20 लोग घायल
ऑडियो सुनें

कबीरधाम. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक निजी बस के पलटकर खाई में गिर जाने से दो नाबालिग लड़कियों की मौत हो गयी और कम से कम 20 अन्य लोग घायल हो गये. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक यह दुर्घटना शनिवार शाम जिले में कुकदुर थाना क्षेत्र के अग्रपाणि गांव के पास पोलमी घाट पर हुई. यह बस उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जा रही थी. बस में ईंट भट्ठों में काम करने वाले 50 से अधिक मजदूर सवार थे.

पुलिस अधिकारी के अनुसार चालक ने संकरे मोड़ पर बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस पलटकर 25-30 फुट गहरी खाई में जा गिरी. उन्होंने कहा, ‘‘इस दुर्घटना में रागिनी साहू (नौ) और सिमरन मांझी (तीन) नामक दो नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हो गए.’’ इस दुर्घटना के बाद बस का चालक और संवाहक वहां से फरार हो गए. पुलिस उनकी पहचान कर उन्हें तलाश करने की कोशिश कर रही है.

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कुकदूर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. घायलों में से चार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कबीरधाम के जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu