खरगे ने आरएसएस-भाजपा की तुलना जहर से की, कहा- ‘जहरीले सांप’ को मार देना चाहिए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 10:19 PM
खरगे ने आरएसएस-भाजपा की तुलना जहर से की, कहा- ‘जहरीले सांप’ को मार देना चाहिए
ऑडियो सुनें

पुणे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की तुलना ‘जहर’ से की और उन्हें भारत में ‘राजनीतिक रूप से सबसे खतरनाक’ करार दिया. खरगे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त होने से ठीक एक दिन पहले सांगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ‘जहरीले सांप को मारने’ का उदाहरण दिया .

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”अगर भारत में राजनीतिक रूप से सबसे खतरनाक कोई चीज है तो वह भाजपा और आरएसएस हैं. वे जहर की तरह हैं. अगर सांप काटता है तो वह व्यक्ति (जिसे काटा गया है) मर जाता है… ऐसे जहरीले सांप को मार देना चाहिए.” उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा.

खरगे ने कांग्रेस के बागी और सांगली से निर्दलीय सांसद विशाल पाटिल का नाम लिए बगैर उन पर पार्टी को धोखा देने और अपने रिश्तेदार का समर्थन करने का आरोप लगाया. पाटिल की रिश्तेदार 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में प्रचार करने वाले नेताओं की संख्या, मैदान में उतरे उसके उम्मीदवारों की संख्या से अधिक है.

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री, गृह मंत्री (अमित शाह) और अन्य नेता यहां आए हैं. आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां थे. पता नहीं उन्हें क्या हुआ. उत्तर प्रदेश में झांसी के एक अस्पताल में आग लगने से 10 बच्चे मर गए. इसके बावजूद महाराष्ट्र में उनकी जनसभाएं नहीं रुकीं.” खरगे ने राज्य स्तरीय चुनावों के लिए जनसभाएं आयोजित करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह विधानसभा का चुनाव है, देश का प्रधानमंत्री चुनने का नहीं. उन्होंने कहा कि उनकी (मोदी की) ‘सत्ता की भूख’ अभी शांत नहीं हुई है.

उन्होंने मोदी पर जातीय संघर्ष से जूझ रहे मणिपुर का दौरा न करने और इसके बजाय विदेश यात्रा करने का आरोप लगाया. खरगे ने कहा, ”मोदी कल तक यहीं थे. आज वह विदेश में हैं. मणिपुर जल रहा है, लोग मर रहे हैं, आदिवासी महिलाओं का अपमान हो रहा है और महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहा है, लेकिन मोदी कभी मणिपुर नहीं गए. वह विदेश दौरे पर हैं.” उन्होंने कहा, ”आज वह एक देश का दौरा भी कर रहे हैं. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि पहले अपने घर का ख्याल रखें. पहले देश को मजबूत बनाएं. आप बाद में कहीं भी जा सकते हैं.” उन्होंने भारत के नजरिए से प्रधानमंत्री की डोनाल्ड ट्रंप के साथ और रूस व चीन के राष्ट्रपतियों के साथ की गई बैठकों के परिणाम पर भी सवाल उठाया.

खरगे (83) ने कहा कि उनकी उम्र उन्हें कांग्रेस की विचारधारा का समर्थन करने और लोगों से मिलने से नहीं रोकेगी. उन्होंने विशाल पाटिल पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”ऐसे नेता हैं जिन्हें पार्टी ने पद दिए और उन्होंने उनसे लाभ उठाया. हम किसी की आलोचना नहीं कर रहे हैं, लेकिन अगर कांग्रेस पार्टी आपको सबकुछ दे रही है तो आपको उसे धोखा नहीं देना चाहिए.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नहीं चाहती कि (पूर्व मुख्यमंत्री) दिवंगत वसंतदादा पाटिल के परिवार में कोई दरार आए, जो सांगली से थे. उन्होंने कहा, ”मुझे बताया गया कि सांगली से लोकसभा सांसद (विशाल पाटिल) कांग्रेस पार्टी के समर्थन से जीते हैं और कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सम्मान के साथ फिर से शामिल किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu