कोविड-19: देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 49,622 हुई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 14 Apr 2023 12:03 PM
कोविड-19: देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 49,622 हुई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 11,109 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,97,269 हो गई। पिछले 236 दिन में सामने आए ये सर्वाधिक दैनिक मामले हैं। वहीं देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 49,622 पर पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से दिल्ली तथा राजस्थान में तीन-तीन, छत्तीसगढ़ तथा पंजाब में दो-दो और हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,31,064 हो गई। वहीं संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में नौ नाम और जोड़े हैं।

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण की दैनिक दर 5.01 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 4.29 प्रतिशत है। देश में अभी 49,622 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.70 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,42,16,586 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220,66,25,120 खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी।

संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav