राजस्थान में बड़ा सड़क हादसा: कार ने 11 लोगों को कुचला,तीन की मौत, 8 घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 03:08 PM
राजस्थान में बड़ा सड़क हादसा: कार ने 11 लोगों को कुचला,तीन की मौत, 8 घायल
ऑडियो सुनें

राजस्थान: दौसा जिले के महवा कस्बे में बेकाबू कार ने सड़क किनारे सो रहे 11 लोगों को कुचल दिया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 2 घायलों का महवा के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से जख्मी 6 लोगों को जयपुर रेफर किया गया है। हादसा गुरुवार की रात करीब सवा ग्यारह बजे हुआ है। सभी मृतक व घायल खानाबदोश परिवार के लोग थे, जो टीकाराम पालीवाल गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास सड़क किनारे झुग्गी में रहते थे। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

हेड कॉन्स्टेबल बृजकिशोर ने बताया- रात करीब 11.20 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। फौरन पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि तेज रफ्तार हुंडई औरा कार (RJ29-TA-3246) के ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क किनारे सो रहे लोगों को कुचल दिया है। हादसे में घायलों को राजकीय जिला चिकित्सालय महवा ले जाया गया।

यहां डॉक्टरों ने राजू (50) पुत्र पपैया, परी (6) पुत्री दिलीप और अठौड़ी (60) पत्नी पपैया निवासी महवा (दौसा) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जग्गा (40) पुत्र पपैया, शनि (13) पुत्र दीपक, शेरू उर्फ मोनू (11) पुत्र प्रहलाद, काजल (30) पत्नी दीपक निवासी महवा (दौसा), दिलीप (26) पुत्र डब्बा, सीमा (25) पत्नी दिलीप निवासी लक्ष्मणगढ़ (अलवर ) को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है। उगन्ता देवी (40) पत्नी पन्ना और प्रिया (7) पुत्री सतीश निवासी महवा (दौसा ) का महवा के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद फरार हो गया ड्राइवर

हेड कॉन्स्टेबल ने बताया कि हादसे के बाद ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। क्रेन की मदद से गाड़ी को थाने लाया गया। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है। घटना की सूचना पर गुरुवार की देर रात महवा विधायक राजेंद्र मीणा हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलाें का हालचाल जाना। थाना इंचार्ज जितेंद्र सोलंकी को कार ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav