मालदीव के पर्यटन निकाय ने टी20 विश्व विजेता भारतीय टीम को किया आमंत्रित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Jul 2024 07:52 PM
मालदीव के पर्यटन निकाय ने टी20 विश्व विजेता भारतीय टीम को किया आमंत्रित
ऑडियो सुनें

माले. मालदीव के पर्यटन संघ और उसके विपणन एवं जनसंपर्क निगम ने हाल ही में टी20 विश्व चैंपियन बनी भारतीय क्रिकेट टीम को जीत का जश्न मनाने के लिए अपने देश आमंत्रित किया है. रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने बारबडोस में 29 जून को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर ट्रॉफी जीती थी.

दोनों निकायों ने एक संयुक्त बयान में कहा, ” ‘मालदीव मार्केटिंग एंड पब्लिक रिलेशंस कॉरपोरेशन (एमएमपीआरसी / विजिट मालदीव)’ ने ‘मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूरिज्म इंडस्ट्री (एमएटीआई)’ के सहयोग से भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को एक विशेष और खुला निमंत्रण दिया है.” एमएमपीआरसी मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक इब्राहिम शिउरी और एमएटीआई के महासचिव अहमद नजीर ने संयुक्त बयान में कहा कि वे टीम की मेजबानी के लिए उत्सुक हैं. भारतीय टीम विश्व चैंपियन बनने के बाद गुरुवार को भारत लौटी है. मुंबई में टीम की विजय परेड में लाखों प्रशंसक शामिल हुए.

इस बयान में कहा गया, ”हमें आपकी मेजबानी करने और आपके प्रवास के दौरान यादगार क्षणों, विश्राम और बेहतरीन अनुभवों को सुनिश्चित करने में गर्व महसूस होगा.” उन्होंने कहा कि यह निमंत्रण मालदीव और भारत के बीच मजबूत और दीर्घकालिक सांस्कृतिक और खेल संबंधों को दर्शाता है.

शिउरी ने कहा, ”भारतीय क्रिकेट टीम का स्वागत करना और उनकी जीत की खुशी का हिस्सा बनना मालदीव के लिए बहुत सम्मान की बात होगी.” उन्होंने कहा, ”हम उनकी मेजबानी करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिससे उन्हें इस जीत के जश्न की यादों को संजोय रखने के लिए सही माहौल मिल सके.” भारतीय टीम के मुख्य खिलाड़ी फिलहाल ब्रेक पर है. जिम्बाब्वे दौरे के बाद भारत का अगला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 27 जुलाई से श्रीलंका के खिलाफ छह मैचों की सीमित ओवरों की श्रृंखला है. इस श्रृंखला में तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu