Mirzapur Season 3 Review:तीसरे सीजन में निकल गया मिर्जापुर का सारा गुमान

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 05 Jul 2024 01:51 PM
Mirzapur Season 3 Review:तीसरे सीजन में निकल गया मिर्जापुर का सारा गुमान
ऑडियो सुनें

Movie Review: मिर्जापुर सीजन 3 (वेब सीरीज)
कलाकार: पंकज त्रिपाठी, अली फजल , ईशा तलवार , श्वेता त्रिपाठी शर्मा , विजय वर्मा , रसिका दुग्गल और अंजुम शर्मा आदि
लेखक: अपूर्वा धर बडगैंया
निर्देशक: गुरमीत सिंह और आनंद अय्यर
निर्माता: फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी
रिलीज: 5 जुलाई 2024
रेटिंग: 2/5

देश में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश को एक हिंसायुक्त प्रदेश के तौर पर दिखाने से लेकर अब भयमुक्त प्रदेश के तौर पर प्रस्तुत करने में वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ प्रसारित करने वाले ओटीटी अमेजन प्राइम वीडियो और इसे बनाने वाली कंपनी एक्सेल एंटरटेनमंट ने शीर्षासन कर दिया है। अ

मेजन प्राइम वीडियो की भारतीय शाखा की प्रमुख रही अपर्णा पुरोहित की छुट्टी हो चुकी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के भीतर भी बताते हैं काफी उथल पुथल इन दिनों चल रही है। नतीजा, वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के सीजन तीन के रूप में सामने हैं। किसने सोचा होगा भला, कि एक ‘भौकाल’ सीरीज का अंत ऐसा होगा। जी हां, ये सीजन देखकर लगता नहीं कि अब इस कहानी को चौथा सीजन नसीब होगा।

महिला किरदारों पर मेहरबान फरहान
वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के तीसरे सीजन की कहानी ने अपने पिछले दो सीजनों के प्रशंसकों को सबसे ज्यादा निराश किया है। फरहान अख्तर मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा बनने के साथ ही लगता है इसके मुखिया केविन फाइगी की महिला किरदारों के प्रति हाल के बरसों में बनी सहानुभूति से खासे प्रभावित हुए हैं।
इस बार वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ का तीसरा सीजन भी इसीलिए उन्होंने सीरीज की महिला किरदारों के नाम कर दिया है। मुख्यमंत्री बनीं माधुरी यादव फिर से सफेद साड़ी में भले आ चुकी हों लेकिन उत्तर प्रदेश को भयमुक्त प्रदेश बनाने और हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष करते रहने के नारे के साथ अब उनके नए तेवर हैं। यहां ये बताते चलें कि मुन्ना भैया के अंतिम संस्कार से ही सीरीज का तीसरा सीजन शुरू होता है और उनको मुखाग्नि देने के प्रसंग से सीरीज के तीसरे सीजन की दिशा निर्धारित होती है।

तकनीकी तौर पर वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ का तीसरा सीजन बहुत ज्यादा कमजोर है। सीरीज देखकर लगता है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने इसके प्रोडक्शन बजट में भारी कटौती की है और अपना मार्जिन बढ़ाने के लिए पिछले दो सीजन की इसकी लोकप्रियता और प्रतिष्ठा दांव पर लगा दी है। गद्दी को खत्म करने वाली लीक पर चले इस सीजन की सिनेमैटोग्राफी से लेकर इसका संपादन और स्टंट कोरियोग्राफी सब किसी छोटे बजट की क्षेत्रीय फिल्म जैसा लगता रहा।

संवादों की अस्पष्टता से ये भी पता चलता है कि इसकी साउंड डिजाइनिंग गड़बड़ है। वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन जब 2018 में आया था तो क्राइम सीरीज का ये उद्गम स्थल बना था। दूसरा सीजन भी 2020 में आ गया था। तब तक सारे ओटीटी क्राइम सीरीज दुहने निकल पड़े थे और अब जब साल 2024 में आकर ओटीटी का बुलबुला फूटता दिख रहा है तो वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ का तीसरा सीजन अपना खुद का आकर्षण ही खो चुका है।

कुल 10 एपीसोड में फैली इस कहानी को आखिर तक देखने के लिए समय भी खूब चाहिए और हिम्मत व धैर्य भी। इसके बीते दो सीजन देख लहालोट रहे दर्शकों के लिए ये गंभीर निराशा लाती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news