मिथुन चक्रवर्ती, संजय दत्त ने ‘गन्स एंड गुलाब्स’ में मेरे किरदार को प्रेरित किया : गुलशन देवैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 09:34 PM
मिथुन चक्रवर्ती, संजय दत्त ने ‘गन्स एंड गुलाब्स’ में मेरे किरदार को प्रेरित किया : गुलशन देवैया
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता गुलशन देवैया का कहना है कि आगामी नेटफ्लिक्स सीरीज ‘गन्स एंड गुलाब’ में खतरनाक हत्यारे आत्माराम की भूमिका के उन्हें मिथुन चक्रवर्ती और संजय दत्त की फिल्मों से प्रेरणा मिली, जो उन्होंने 1990 के दशक में देखी थीं. 90 के दशक की झलक दिखाने वाली इस कॉमेडी क्राइम थ्रिलर सीरीज का निर्देशन राज निदिमोरु और कृष्णा डीके ने किया है. यह एक प्रेमी मैकेनिक पाना टीपू (राजकुमार राव), एक प्रभावशाली गिरोह के अनिच्छुक उत्तराधिकारी (आदर्श गौरव), एक ईमानदार अधिकारी से अपराधी बने (दुलकीर सलमान) और एक हत्यारे आत्माराम की कहानी है.

देवैया ने कहा कि किशोरावस्था में उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती और संजय दत्त की कई फिल्में देखीं. उन्होंने कहा कि ‘साजन’ और ‘खलनायक’ में दत्त के लंबे बालों से लेकर मिथुन चक्रवर्ती की रेट्रो ड्रेसिंग स्टाइल इस सीरीज में दर्शकों को 1980 और 1990 के दशक के कई संदर्भ याद दिलाएगी.

अभिनेता (45) ने एक इंटरव्यू में पीटीआई भाषा को बताया ” बालों का स्टाइल हमने 90 के दशक के संजय दत्त से लिया है. कपड़े वैसे हैं जैसे मिथुन चक्रवर्ती के होते थे. सब कुछ बिल्कुल वैसा नहीं है, हमने बदलाव भी किया है. कुछ प्रेरणा पुरानी फिल्मों से भी ली है.” देवैया ने बताया ” जब मैंने ‘साजन’ देखी तब मैं 12 साल का था. संजय दत्त की पहली फिल्म ‘खलनायक’ और ‘थानेदार’ मैंने सिनेमाघर में देखी थी. उस जमाने में यह फिल्में भरपूर मनोरंजन करने वाली फिल्में थीं.” अभिनेता ने बताया कि यह कल्पना पर आधारित बहुत ही शानदार शो है. ‘गन्स एंड गुलाब्स’ में दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक भी नज.र आएंगे. सीरीज का प्रीमियर शुक्रवार को होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu