धनशोधन मामला: ईडी ने सोरेन के दिल्ली स्थित आवास से 36 लाख रुपए नकद, बीएमडब्ल्यू जब्त की

नयी दिल्ली/रांची. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले की जांच में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को रांची में पूछताछ करेगा. ईडी ने सोरेन के दिल्ली स्थित आवास की तलाशी के बाद 36 लाख रुपये, एक बीएमडब्ल्यू एसयूवी और कुछ ”आपत्तिजनक” दस्तावेज जब्त किए हैं. आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

ईडी के एक दल द्वारा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष के दिल्ली स्थित घर का दौरा करने और एजेंसी के अधिकारियों के यह कहने के एक दिन बाद कि उनका “पता नहीं चल रहा है”, सोरेन मंगलवार को झारखंड की राजधानी में अपने आधिकारिक आवास पर पहुंचे और अपने गठबंधन के विधायकों की बैठक की अध्यक्षता की. इसके बाद 24 घंटे से अधिक समय से जारी भ्रम की स्थिति पर विराम लग गया.

राज्य में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री ईडी की कार्रवाई के डर से “फरार” हैं. सूत्रों ने बताया कि ईडी ने राज्य के अधिकारियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों को अपनी टीम के बारे में सूचित कर दिया है जो 31 जनवरी को दोपहर एक बजे से पहले रांची में एयरपोर्ट रोड पर स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय से सोरेन के आवास पर उनके कैंप कार्यालय में चले जाएंगे.

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ वहीं से शुरू होगी जहां से 20 जनवरी को समाप्त हुई थी. सोरेन से लगभग 16-17 प्रश्न पूछे गए थे और उनका बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत लिखित और ऑडियो-वीडियो प्रारूप में दर्ज किया गया.
सोरेन से पूछताछ के लिए ईडी सात घंटे तक उनके आवास पर थी.

प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम झारखंड में कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के एक मामले की जांच के संबंध में पूछताछ करने के लिए सोमवार को सोरेन के दक्षिण दिल्ली स्थित 5/1 शांति निकेतन आवास पहुंची थी और वह वहां 13 घंटे से अधिक समय तक रही. इस दौरान उन्होंने परिसर की तलाशी ली.

सूत्रों ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के दलों ने दिन भर की कार्रवाई के दौरान लगभग 36 लाख रुपये नकद, हरियाणा के नंबर प्लेट वाली एक ‘बेनामी’ बीएमडब्ल्यू कार और कुछ ”आपत्तिजनक” दस्तावेज जब्त किए. मंगलवार को रांची पहुंचे सोरेन (48) ने निदेशालय को सूचित किया था कि वह बुधवार को दोपहर एक बजे अपने आवास पर बयान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं.

रांची में, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के एक पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायकों को राज्य की राजधानी से बाहर नहीं जाने और राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को एक बैठक में भाग लेने को कहा गया है.

ईडी ने इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं. वह राज्य के समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त के रूप में कार्यरत रहे थे.
इस मामले में झारखंड भूमि राजस्व विभाग के एक कर्मचारी भानु प्रसाद प्रसाद को भी एजेंसी ने गिरफ्तार किया था.
केंद्रीय जांच एजेंसी के अनुसार, यह जांच झारखंड में “माफिया द्वारा भूमि के मालिकाना हक को अवैध रूप से बदलने के एक बड़े गिरोह” से संबंधित है.

झामुमो ने ईडी के सोरेन के दिल्ली स्थित आवास जाने पर सवाल उठाए

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के सोमवार को दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के दौरे पर सवाल उठाया.
झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने पूछा, ह्लजब राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 31 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय को अपना बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था, तो वे कल दिल्ली में उनके आधिकारिक आवास पर क्यों पहुंचे?ह्व उन्होंने कहा कि बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान एजेंसी को 36 लाख रुपये बरामद हुए.

उन्होंने कहा, ह्लक्या यह ईडी और बाबूलाल (मरांडी) जी द्वारा योजनाबद्ध नहीं था? वे उनके साथ एक अपराधी की तरह व्यवहार कर रहे हैं, लेकिन मैं बताना चाहूंगा कि हमारे मुख्यमंत्री किसी से नहीं डरते.ह्व बाबूलाल मरांडी झारखंड भाजपा अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हैं. राष्ट्रीय राजधानी में आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में उनके दिल्ली स्थित घर की तलाशी के दौरान ईडी ने 36 लाख रुपये, एक बीएमडब्ल्यू गाड़ी और कुछ ह्लआपत्तिजनकह्व दस्तावेज जब्त किए. सोरेन झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं.

मैं आपके दिलों में रहता हूं: घर लौटने के बाद हेमंत सोरेन ने कहा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं होने के बीच मंगलवार को रांची लौटे और कहा कि वह लोगों के दिल में रहते हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने पार्टी विधायकों की एक बैठक की अध्यक्षता की.
संवाददाताओं ने सोरेन से जब पूछा कि वह कहां थे, तो उन्होंने कहा, ”मैं आपके दिलों में रहता हूं.” सोरेन यहां बापू वाटिका में मीडिया से बातचीत कर रहे थे, जहां वह महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने गए थे.

उन्होंने कहा, ”हम सभी राष्ट्रपिता के कदमों और विचारों का अनुसरण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हमें गर्व है कि हमारे बीच ऐसे लोग पैदा हुए थे और हमें मार्गदर्शन दिया.” सोरेन 27 जनवरी की रात को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे. इसके बाद उनका अता-पता नहीं होने के दावे किये जा रहे थे, लेकिन वह सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को रांची में अपने सरकारी आवास पर पहुंचे.
उन्होंने अपने आवास पर विधायकों और मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं.

झारखंड में झामुमो नीत सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायकों को राज्य की राजधानी से बाहर नहीं जाने और बैठक में शामिल होने को कहा गया था. बैठक मौजूदा राजनीतिक हालात पर रणनीतियों और बुधवार को मुख्यमंत्री से प्रवर्तन निदेशालय की संभावित पूछताछ के बारे में चर्चा के लिए बुलाई गई थी. झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा, ”झारखंड के मुख्यमंत्री को जनता का आशीर्वाद प्राप्त है और उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा. हम अत्याचारों का सामना करने के लिए रणनीति बना रहे हैं.”

Related Articles

Back to top button