देश में 80 से अधिक विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Oct 2024 10:00 PM
देश में 80 से अधिक विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय विमानन कंपनियों की 80 से अधिक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन कर रहे विमानों को बृहस्पतिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली. सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि ‘एअर इंडिया’, ‘विस्तारा’ और ‘इंडिगो’ के करीब 20-20 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जबकि ‘अकासा एयर’ की करीब 13 उड़ानों को ऐसी धमकी मिली है.

सूत्रों के अनुसार इसके अलावा, ‘एलायंस एयर’ और ‘स्पाइसजेट’ की करीब पांच-पांच उड़ानों को भी ऐसी धमकी मिली है. पिछले 11 दिनों में भारतीय विमानन कंपनियों की लगभग 250 उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. ‘इंडिगो’ के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि कंपनी को 20 उड़ानों के लिए सुरक्षा संबंधी अलर्ट प्राप्त हुए हैं. ‘अकासा एयर’ के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी की 13 उड़ानों को सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिले हैं और सघन निरीक्षण के बाद संबंधित सभी विमानों को परिचालन पर लगाया गया.

प्रवक्ता ने एक बयान में बताया, ”सभी प्रभावित हवाईअड्डों पर हवाईअड्डा सेवा टीम ने स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया ताकि स्थिति से कुशलतापूर्वक निपटा जा सके. इसमें यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतारना, आवश्यकतानुसार सहायता और जलपान उपलब्ध कराना शामिल है.” ‘विस्तारा’ के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर उसकी कुछ उड़ानों को सुरक्षा संबंधी धमकी मिली.

कोच्चि हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार को आने-जाने वाली कम से कम छह उड़ानों को बम की धमकी मिली. हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि इनमें दुबई से कोच्चि जाने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान भी शामिल थी. इस सप्ताह के प्रारंभ में नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा था कि सरकार विमानन कंपनियों को बम की धमकी से निपटने के लिए विधायी कार्रवाई करने की योजना बना रही है, जिसमें ऐसी धमकी देने वालों को उड़ान प्रतिबंध सूची में डालना भी शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu