कांग्रेस प्रत्याशी जीतू पटवारी ने भाजपा उम्मीदवार मधु वर्मा के पैर छूकर मांगा आशीर्वाद
प्रतीकात्मक तस्वीर
इंदौर. इंदौर की राऊ विधानसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल कर लौट रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार मधु वर्मा बृहस्पतिवार को एक पल को सकपका गए, जब उनके मुख्य चुनावी प्रतिद्वंद्वी और मौजूदा कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने सार्वजनिक तौर पर उनके पैर छूकर उनका आशीर्वाद मांग लिया. इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है.
चश्मदीदों के मुताबिक वर्मा (71) जब जिला निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल कर समर्थकों के साथ लौट रहे थे, तब सामना होने पर पटवारी (49) अचानक उनके पास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श करते हुए कहा,”मुझे आशीर्वाद दो. जा कहां रहे हो.” इस पर वर्मा ने पटवारी को जवाब दिया,”आशीर्वाद तो जनता देगी. आपने 10 साल तक (विधायक के रूप में) काम किया है. आप जनता के पास जाकर जरा अपने काम तो बताइए.” पटवारी ने भी बृहस्पतिवार को ही पर्चा भरा. राज्य की पिछली कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे पटवारी को कांग्रेस ने राऊ क्षेत्र से लगातार चौथी बार मैदान में उतारा है, तो भाजपा ने इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष वर्मा को इस सीट पर सतत दूसरी बार टिकट दिया है.
पटवारी ने वर्ष 2018 के पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान वर्मा को राऊ क्षेत्र में 5,703 मतों के नजदीकी अंतर से हराया था. इस सीट पर वर्ष 2008 से लेकर 2018 के बीच तीन बार चुनाव हुए हैं. 2008 के चुनावों में पटवारी को भाजपा उम्मीदवार जीतू जिराती के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 2013 और 2018 के चुनावों में पटवारी ने लगातार दो बार जीत हासिल की. इंदौर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को समेटने वाली राऊ सीट पर करीब 3.56 लाख मतदाता 17 नवंबर को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे.
नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी
- 1 खास खबर : RTO ने 15 सेवाओं की फीस बढ़ाई, कैब और टैक्सी का परमिट 1500 से बढ़कर 4 हजार रुपये, SC-ST वर्ग को छूट, जानिए कौन से सेवा कितनी महंगी हुई?
- 2 झीरम घाटी कांड : न्यायिक फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएगा आदिवासी समाज, कानूनी लड़ाई के लिए गांव-गांव से जुटाया जायेगा चंदा
- 3 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चौथे छत्तीसगढ़ कैंसर सम्मेलन का किया शुभारंभ, उपचार में समग्र दृष्टिकोण पर जोर
- 4 DUSU Election Results 2026: अध्यक्ष समेत 3 सीटों पर ABVP का कब्जा, उपाध्यक्ष पद पर शौकीन ने चौंकाया
नवभारत समाचार के वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार। निष्पक्ष पत्रकारिता एवं ताज़ा घटनाओं पर विस्तृत रिपोर्टिंग।