नड्डा ने कांग्रेस, वामपंथी दलों की आलोचना की, वैचारिक रूप से ‘दिवालिया’ बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Jul 2024 07:44 PM
नड्डा ने कांग्रेस, वामपंथी दलों की आलोचना की, वैचारिक रूप से ‘दिवालिया’ बताया
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने मंगलवार को कांग्रेस और वामपंथी दलों की आलोचना की और उनपर ‘वैचारिक रूप से दिवालिया’ और ‘सत्ता की भूखी’ होने का आरोप लगाया. नड्डा ने कहा कि वामपंथी भी अपने बेटे-बेटियों को बढ़ावा देकर कांग्रेस का अनुकरण कर रहे हैं.

उन्होंने केरल की राजधानी में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”आप जानते हैं कि मेरा क्या मतलब है.” लोकसभा चुनाव के बाद केरल के अपने पहले दौरे पर आए भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला करते हुए उसे ‘परजीवी’ करार दिया, जो क्षेत्रीय दलों के समर्थन और मदद की बदौलत इस साल आम चुनावों में सीट हासिल कर सकी.

नड्डा ने कहा, ”वे (कांग्रेस) परजीवी की तरह हैं. उनका अपने दम पर खराब स्ट्राइक रेट है. जहां उनका सीधा मुकाबला भाजपा से था, ऐसी 60 से अधिक सीट में से केवल दो पर वह जीत सके.” उन्होंने कहा, ”यह (कांग्रेस) बैसाखी पर चलने वाली पार्टी है और अपने दो पैरों पर खड़ी नहीं हो सकती. क्षेत्रीय दलों के समर्थन की बदौलत उनकी राष्ट्रीय उपस्थिति है.” उन्होंने कहा कि एक विमर्श गढ़ने की कोशिश की गई थी कि भाजपा एक उत्तर भारतीय पार्टी है.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”नहीं. अब हम एक अखिल भारतीय पार्टी हैं, जिसमें दक्षिण भारत भी शामिल है. दक्षिण से लोकसभा में कमल खिला है.” नड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि लोगों ने स्थिरता और निरंतरता के लिए वोट दिया और इसलिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) केंद्र में 60 साल में पहली बार लगातार तीसरी बार सत्ता में आया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu