नेशनल हेराल्ड मामला: BJP ने कहा-देश तो छोड़िए, कांग्रेस की संपत्ति भी गई गांधी परिवार के हाथों में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 May 2025 09:12 PM
नेशनल हेराल्ड मामला: BJP ने कहा-देश तो छोड़िए, कांग्रेस की संपत्ति भी गई गांधी परिवार के हाथों में
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि गांधी परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस इस स्तर तक गिर गई है कि देश तो छोड़िए, पार्टी की संपत्ति भी परिवार के हाथों में चली जाती है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली की एक अदालत को बताया है कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्य के खिलाफ ‘प्रथम दृष्टया’ धनशोधन का मामला बनता है.

सत्तारूढ. पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने ईडी के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ”बहुत गंभीर” आरोपों से न केवल ”कानूनी और राजनीतिक” बल्कि नैतिक सवाल भी उठते हैं.
त्रिवेदी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला देश के इतिहास में एक ”अजीबोगरीब मामला” है, जिसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति वाली एक कंपनी को लगभग 90 करोड़ रुपये के बकाया ऋण के कारण बेच दिया गया.

उन्होंने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”विक्रेता और खरीदार एक ही व्यक्ति थे.” स्वतंत्रता से पहले की महात्मा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की याद दिलाते हुए त्रिवेदी ने कहा कि आज के गांधी परिवार के नेतृत्व में पार्टी ”ऐसे स्तर पर पहुंच गई है कि देश की बात तो छोड़िए, पार्टी की संपत्ति भी उनकी है.” उन्होंने कहा कि जो लोग स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत के एकमात्र उत्तराधिकारी होने का दावा करते हैं, वही लोग ”स्वतंत्रता सेनानियों की संपत्ति लूटने वाले” हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu