
मुंबई. गायिका नेहा भसीन का कहना है कि वह ‘प्रीमेन्स्ट्रुअल डिस्फोरिक डिसऑर्डर’ (पीएमडीडी), मनोग्रसित बाध्यता व्यक्तित्व विकार (ओसीपीडी) और ‘फाइब्रोमायल्जिया’ से ग्रसित हैं. पीएमडीडी में शारीरिक और व्यवहार संबंधी लक्षण शामिल होते हैं जो आमतौर पर माहवारी की शुरुआत के साथ ठीक हो जाते हैं. वहीं, फाइब्रोमायल्जिया एक विकार है जिसमें शरीर में तेज दर्द के साथ थकान, नींद और मनोदशा संबंधी समस्याएं होती हैं.
शनिवार को 41 वर्षीय गायिका ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने अपने स्वास्थ्य से जुड़े संघर्ष, चुनौतियों और लक्षणों का विवरण दिया. भसीन ने कहा कि उनका तंत्रिका तंत्र ”टूट” गया है. उन्होंने कहा कि वह नहीं जानतीं कि जिस ”असहाय स्थिति” का वह अनुभव कर रही हैं, उससे कैसे संभला जाए.
गायिका ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ”वर्षों तक यह जानने के बाद कि कुछ गड़बड़ है, आखिरकार आज चिकित्सकीय रूप से अधिक जागरूकता के चलते बीमारी का पता चला है, जिससे मानसिक और हार्मोन संबंधी बीमारियों के लिए सही उपचार पाने में मदद मिल सकेगी.” भसीन ने कहा कि उन्हें ”मासिक धर्म से पहले उदासी, शरीर में दर्द, मानसिक पीड़ा, चिंता, अवसाद” की समस्या है. उन्होंने कहा कि खान-पान की आदतों में सुधार करके, उचित नींद लेकर और थेरेपी कुछ ऐसे तरीके हैं, जिनसे बेहतर महसूस किया जा सकता है.



