नेपाल की यात्रा का उद्देश्य ‘‘समय की कसौटी पर खरे’’ उतरे संबंधों को और गहरा करना है : मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 May 2022 06:30 PM
नेपाल की यात्रा का उद्देश्य ‘‘समय की कसौटी पर खरे’’ उतरे संबंधों को और गहरा करना है : मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/काठमांडू. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत और नेपाल के संबंध ‘‘अद्वितीय’’ हैं. उन्होंने यह टिप्पणी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पड़ोसी देश की अपनी यात्रा से एक दिन पहले की. प्रधानमंत्री मोदी ने यहां जारी बयान में कहा कि पिछले महीने नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की भारत यात्रा के दौरान हुई ‘‘लाभप्रद’’ चर्चा के बाद दोबारा उनसे मिलने को लेकर उत्सुक हूं. उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष जलविद्युत, विकास और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने को लेकर बनी समझ को आगे बढ़ाएंगे.

मोदी ने नेपाल यात्रा से पहले जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे नेपाल के साथ संबंध अद्वितीय हैं. भारत और नेपाल के बीच सभ्यतागत और लोगों से लोगों के संबंध हमारे करीबी रिश्तों की स्थायी इमारत पर खड़े हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरी इस यात्रा का उद्देश्य समय की कसौटी पर खरे उतरे इन संबंधों को और मजबूत करना है, जिन्हें सदियों से पोषित किया गया है और ये हमारे आपसी मेलजोल के लंबे इतिहास में दर्ज हैं.’’ उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को एक दिवसीय यात्रा पर भगवान बुद्ध के जन्मस्थान लुम्बिनी जाएंगे. वर्ष 2014 में पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री की यह पांचवी नेपाल यात्रा है.

मोदी ने कहा, ‘‘ मैं बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मायादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना करने को लेकर उत्सुक हूं. भगवान बुद्ध के पवित्र जन्मस्थान पर श्रद्धा प्रकट करने वाले लाखों भारतीयों का अनुकरण कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं.’’ उल्लेखनीय है कि मोदी और देउबा लुम्बिनी में बातचीत करेंगे, जिसके केंद्र में जल विद्युत और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहायोग बढ़ाना होगा.

मोदी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री देउबा की पिछले महीने की गई भारत यात्रा के दौरान हुई लाभप्रद चर्चा के बाद दोबारा बैठक को लेकर उत्सुक हूं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जल विद्युत, विकास और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की साझा समझ को आगे बढ़ाएंगे.’’ प्रधानमंत्री लुम्बिनी में बौद्ध संस्कृति और विरासत केंद्र के निर्माण की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे.

मोदी ने कहा, ‘‘पवित्र मायादेवी मंदिर में दर्शन करने के अलावा, मैं लुम्बिनी के मठक्षेत्र में बौद्ध संस्कृति और विरासत के लिए इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के शिलान्यास समारोह में भी शामिल होउंगा.’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि वह नेपाल सरकार द्वारा महात्मा बुद्ध की जंयती से संबंधित समारोह में भी शिरकत करेंगे.

उल्लेखनीय है कि लुम्बिनी दक्षिण नेपाल की तराई में स्थित है और महात्मा बुद्ध का जन्म स्थान होने की वजह से बौद्धधर्म के सबसे पवित्र स्थानों में से एक है. विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने शुक्रवार को बताया था कि मोदी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए विस्तृत एजेंडे पर देउबा से वार्ता करेंगे.

बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर नेपाल का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 मई को अपनी संक्षिप्त यात्रा पर नेपाल जाएंगे जहां वह गौतम बुद्ध के जन्मस्थान लुम्बिनी का दौरा करेंगे. इसके अलावा वह अपने नेपाली समकक्ष शेर बहादुर देउबा के साथ व्यापक स्तर पर बातचीत करेंगे. बातचीत के दौरान पनबिजली, विकास और संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है.

नेपाल के प्रधानमंत्री के प्रेस सलाहकार अनिल परियर के अनुसार, मोदी देउबा के निमंत्रण पर हिमालयी देश का दौरा करेंगे. वह अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लुम्बिनी जाएंगे. वर्ष 2014 के बाद से मोदी की यह पांचवीं नेपाल यात्रा है.
भारतीय दूतावास के सूत्रों के अनुसार, वह स्थानीय समयानुसार अपराह्न 10 बजे लुम्बिनी पहुंचेंगे और शाम पांच बजे लौट जाएंगे.

मोदी माया देवी के मंदिर जाकर पूजा अर्चना भी करेंगे. वह बुद्ध जयंती के अवसर पर लुम्बिनी विकास न्यास द्वारा आयोजित समारोह को भी संबोधित करेंगे. मोदी, लुम्बिनी मोनेस्टिक जोन के भीतर बौद्ध संस्कृति एवं धरोहर के एक केंद्र के निर्माण की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. लुम्बिनी नेपाल के तराई मैदानी इलाके में स्थित है और यह बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है जहां भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था. प्रधानमंत्री मोदी और उनके नेपाली समकक्ष देउबा के बीच लुम्बिनी में एक द्विपक्षीय बैठक भी होगी.

यहां विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘बैठक के दौरान दोनों नेता नेपाल-भारत सहयोग और आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.’’ अपने दौरे से पहले जारी एक बयान में मोदी ने कहा कि पिछले महीने देउबा की भारत यात्रा के दौरान हुई ‘‘लाभप्रद’’ चर्चा के बाद वह फिर से नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात करने को उत्सुक हैं.

उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष कई क्षेत्रों में साझा समझ बनाना जारी रखेंगे जिसमें पनबिजली, विकास और संपर्क शामिल है. मोदी ने नेपाल यात्रा से पहले रविवार को जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे नेपाल के साथ संबंध अद्वितीय हैं. भारत और नेपाल के बीच सभ्यतागत और लोगों से लोगों के संबंध हमारे करीबी रिश्तों की स्थायी इमारत पर खड़े हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी इस यात्रा का उद्देश्य समय की कसौटी पर खरे उतरे इन संबंधों को और मजबूत करना है, जिन्हें सदियों से पोषित किया गया है और ये हमारे आपसी मेलजोल के लंबे इतिहास में दर्ज हैं.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu