काठमांडू. नेपाल के 18 वर्षीय नीमा रिंजी शेरपा चीन के पर्वत शिशापांगमा पर सफल चढाई के साथ ही दुनिया की 14 ऊंची चोटियों (8,000 मीटर से ऊंची) पर चढ़ने वाले सबसे युवा पर्वतारोही बन गये. नीमा और उनके जोड़ीदार पसांग नुरबू शेरपा ने बुधवार को यहां तड़के साढ़े तीन बजे समुद्र तल से 8,027 मीटर ऊंची शिशापांगमा की चोटी पर पहुंचते ही अपने इंस्टाग्राम पेज पर इसकी घोषणा की.
इस युवा पर्वतारोही ने पोस्ट किया, ”आज मैं 14वीं दफा 8,000 मीटर से ऊपर की चोटी पर पहुंचा. मैं इस विश्व रिकॉर्ड उपलब्धि को अपने ‘शेरपा पावर’ योजना को सर्मिपत करता हूं. ” नीमा पर्वतारोहियों के परिवार से आते हैं और जब 16 साल 162 दिन के थे, तब से उन्होंने पर्वतों पर चढ़ने का सिलसिला शुरू किया था. वह सितंबर 2022 में मानसलू (8163 मीटर) के शिखर पर पहुंचे थे.
दावा यांगजुम आठ हजार मीटर ऊंची सभी 14 चोटियों पर चढ़ने वाली पहली नेपाली महिला बनीं
पर्वतारोही दावा यांगजुम शेरपा, दुनिया में आठ हजार मीटर ऊंची सभी 14 चोटियों पर चढ़ने वाली पहली नेपाली महिला बन गई हैं. अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं आरोहण महासंघ ने इन सभी चोटियों को आठ हजार मीटर से अधिक ऊंचा माना है. महासंघ के अनुसार, दावा ने यह एक नया कीर्तिमान बना लिया है. दोलखा जिले के रॉल्वलिंग घाटी में जन्मी पर्वतारोही दावा (33) बुधवार की सुबह तिब्बत में स्थित माउंट शिशापांगमा (8.027 मीटर) पर सफलतापूर्वक पहुंच गईं.
दावा ने कहा कि वह अब आठ हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली सभी 14 चोटियों पर चढ़ने वाली पहली नेपाली महिला पर्वतारोही बन गई हैं. इससे पहले 2012 में वह मात्र 21 वर्ष की आयु में माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर पहुंची थी. वह 2014 में दूसरी सबसे ऊंची चोटी माउंट के-2 (8,611 मीटर) पर भी चढ़ चुकी हैं. इसके अलावा वह माउंट चो ओयू, ल्होत्से, कंचनजंगा, मनास्लू, धौलागिरी, अन्नपूर्णा, नागापर्वत, ब्रॉड पीक, जी- 1, जी- 2 और मकालू जैसे, आठ हजार मीटर से अधिक ऊंचे पर्वतों पर भी चढ़ चुकी हैं.