राधा की फिरकी में उलझा न्यूजीलैंड, भारत ने पहला महिला एकदिवसीय 59 रन से जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Oct 2024 10:08 PM
राधा की फिरकी में उलझा न्यूजीलैंड, भारत ने पहला महिला एकदिवसीय 59 रन से जीता
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बृहस्पतिवार को यहां न्यूजीलैंड को 59 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ.त बना ली.
भारत के 228 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम राधा (35 रन पर तीन विकेट) और तेज गेंदबाजी साइमा ठाकोर (26 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 40.4 ओवर में 168 रन पर ढेर हो गई. दीप्ति शर्मा (35 रन पर एक विकेट) और अरुंधति रेड्डी (21 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया.

इससे पहले केर बहनों अमेलिया और जेस ने मिलकर सात विकेट चटकाए जिससे न्यूजीलैंड ने भारत को 44.3 ओवर में 227 रन समेटा. लेग स्पिनर अमेलिया ने 42 रन देकर चार जबकि तेज गेंदबाज जेस ने 49 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जिससे न्यूजीलैंड ने भारत को नियमित अंतराल पर झटके दिए. ऑफ स्पिनर ईडन कार्सन ने भी 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए. दीप्ति (41), पदार्पण कर रही तेजल हसबनिस (42), शेफाली वर्मा (33), यस्तिका भाटिया (37) और जेमिमा रोड्रिग्स (35) ने अच्छी शुरुआत के बाद विकेट गंवाए.

लक्ष्य का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड ने दूसरे ओवर में ही सूजी बेट्स (01) का विकेट गंवाया जिन्हें पदार्पण कर रही साइमा ने अपनी दूसरी ही गेंद पर विकेटकीपर यस्तिका भाटिया के हाथों कैच कराया. कप्तान सोफी डिवाइन (02) अजीब हालात में रन आउट हुईं. दीप्ति की गेंद को खेलने के बाद वह क्रीज से आगे निकल आईं और वापस क्रीज पर नहीं लौटीं. दीप्ति ने यस्तिका के पास गेंद फेंकी और डिवाइन के क्रीज पर पहुंचने से पहले भारतीय विकेटकीपर ने उन्हें रन आउट कर दिया.

ब्रूक हेलीडे (39) और मैडी ग्रीन (31) ने न्यूजीलैंड की ओर से पांचवें विकेट के लिए पारी की सर्वश्रेष्ठ 49 रन की साझेदारी करके मेहमान टीम की उम्मीद जगाई लेकिन साइमा ने गेंदबाजी में वापसी करते हुए हेलीडे को अपनी ही गेंद पर लपक कर इस साझेदारी को तोड़ा.
मैडी भी दो गेंद बाद रन आउट हो गई जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर छह विकेट पर 128 रन हो गया जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शिकंजा कसते हुए टीम को जीत दिलाई.

इससे पहले भारतीय बल्लेबाज भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहीं. तेजल काफी निराश होंगी क्योंकि अमेलिया का शिकार बनने से पहले वह काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहीं थी. दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने अमेलिया की गेंद पर आगे बढ.कर बड़ा शॉट खेलने का फैसला किया लेकिन चूक गईं और विकेटकीपर इसाबेला गेज ने उन्हें स्टंप कर दिया.

भारत की ओर से एकमात्र मजबूत साझेदारी जेमिमा और तेजल के बीच रही जिन्होंने पांचवें विकेट के लिए 61 रन जोड़े. भारत की शुरुआत खराब रही. कप्तान स्मृति मंधाना तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गईं. उन्होंने जेस की गेंद पर जॉर्जिया प्लिमर को आसान कैच थमाया. भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और कभी बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में नहीं दिखा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu