शिल्पा शेट्टी के लिंगराज मंदिर में दर्शन करने की तस्वीरें वायरल होने के बाद सेवादार को नोटिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Oct 2024 09:34 PM
शिल्पा शेट्टी के लिंगराज मंदिर में दर्शन करने की तस्वीरें वायरल होने के बाद सेवादार को नोटिस
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा के भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर प्रशासन ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मंदिर में जाने की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद एक सेवादार व एक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया. मंदिर के भीतर तस्वीरें लेने पर प्रतिबंध है. शिल्पा शेट्टी को मंदिर परिसर में तस्वीरें खींचने और वीडियो बनाने की अनुमति कैसे दी गई, इस बात को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी के बाद यह कदम उठाया गया.

सूत्रों ने बताया कि शिल्पा शेट्टी सोमवार को एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य की राजधानी में थीं और शाम को मंदिर गईं.
भुवनेश्वर के अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) और मंदिर प्रशासन के प्रभारी रुद्र नारायण मोहंती ने बताया, “हमारे संज्ञान में आया है कि शिल्पा शेट्टी की तस्वीरें वायरल हुई हैं. हमने मामले के संबंध में एक सेवादार और एक पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया. उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा.” मोहंती ने बताया कि दोनों को अभिनेत्री के साथ तस्वीरों में देखा गया था.
स्थानीय विधायक बाबू सिंह ने भी इस बात पर चिंता जताई कि प्रतिबंध के बावजूद मंदिर परिसर में कैमरे या मोबाइल फोन कैसे ले जाने दिए गए.

सिंह ने कहा, “यहां तक ??कि जब प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति मंदिर में आते हैं, तब भी अंदर कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं होती. मंदिर में आने वाली मशहूर हस्तियों को भी परिसर के अंदर मोबाइल फोन न ले जाने का निर्देश दिया जाता है, लेकिन फिर भी ये गलतियां हो रही हैं. ऐसी घटनाओं में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu