एनटीए ने सीयूईटी-यूजी के परिणाम घोषित किये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jul 2024 08:53 PM
एनटीए ने सीयूईटी-यूजी के परिणाम घोषित किये
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी-यूजी) के परिणामों की रविवार को घोषणा की, जिससे स्नातक दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया. दाखिला प्रक्रिया में इस वर्ष विलंब हो गया है. एनटीए ने सात जुलाई को सीयूईटी-यूजी 2024 की उत्तर कुंजी जारी कर दी थी, जिससे नतीजों की घोषणा का रास्ता साफ हो गया है. लगभग एक हजार अ्भ्यियथयों की शिकायत सही पाये जाने पर उनकी दोबारा परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की गई थी.

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) (नीट-यूजी) और राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद के बीच सीयूईटी-यूजी के नतीजों में देरी हुई. शुरुआत में, सीयूईटी-यूजी परिणाम 30 जून को घोषित किए जाने थे, लेकिन एनटीए ने इसमें देरी कर दी, क्योंकि वह नीट-यूजी, यूजीसी-नेट और सीएसआईआर-यूजीसी-नेट परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक के आरोपों से जूझ रही थी.

देशभर में पहली बार ‘हाइब्रिड मोड’ में आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा को तय तारीख से एक रात पहले दिल्ली में संसाधन संबंधी कारणों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया गया था. राष्ट्रीय राजधानी में बाद में परीक्षा आयोजित की गई थी. एनटीए ने पूर्व में घोषणा की थी कि सीयूईटी-यूजी का तीसरा संस्करण सात दिन में पूरा हो जाएगा और अंकों का कोई सामान्यीकरण नहीं होगा, क्योंकि सभी परीक्षाएं एक ही पाली में आयोजित की जाएंगी. पंद्रह विषयों के लिए, परीक्षाएं पारंपरिक माध्यम में हुई थीं और अन्य 48 विषयों के लिए, परीक्षा कंप्यूटर-आधारित मोड में आयोजित की गई थीं.

इस वर्ष 261 केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर 13.4 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था. वर्ष 2022 में आयोजित परीक्षा के पहले संस्करण में तकनीकी गड़बड़ियों की वजह से परीक्षा प्रभावित हुई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu