इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छत गिरने से एक की मौत, चार घायल…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 28 Jun 2024 10:34 AM
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छत गिरने से एक की मौत, चार घायल…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा गिर गया। जिसकी चपेट में आकर कई कारें दब गईं। हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं।

अब एक कार चालक की मौत होने की खबर निकलकर सामने आई है। फ़िलहाल मौत की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल छत गिरने के कारणों का पता नहीं चला है।

दिल्ली फायर ब्रिगेट के एक अधिकारी ने बताया, ‘सुबह करीब 5.30 बजे हमें दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर छत गिरने की सूचना मिली। दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है।’ शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई भारी बारिश के बीच यह हादसा हुआ। इसी बीच, दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव देखा गया। साउथ दिल्ली में गोविंदपुरी और नोएडा सेक्टर 95 में जलभराव देखने को मिला। दिल्ली की सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं आईटीओ पर बारिश की वजह से गाड़ियां रेंगती हुई दिखी।

एयरपोर्ट पर हुए हादसे की केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री खुद निगरानी कर रहे हैं। मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने एक्स पर लिखा, ‘मैं व्यक्तिगत रूप से दिल्ली एयरपोर्ट के टी-1 पर छत गिरने की घटना की निगरानी कर रहा हूं। घटनास्थल पर बचाव दल काम कर रहे हैं। साथ ही एयरलाइनों को टी-1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। बचाव अभियान अभी भी जारी है।’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav