बेरूत/तेल अवीव. लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि गत सप्ताहांत इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आवास को निशाना बनाकर किये गए ड्रोन हमले में उसके समूह का हाथ है. मोहम्मद अफीफ ने बेरूत में मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में भविष्य में हिजबुल्ला द्वारा भविष्य में और हमले करने का संकेत देते हुए कहा कि अगर पिछले हमले में नेतन्याहू घायल नहीं हुए हैं, ” तो आने वाले दिन और रात और (लड़ाई का) मैदान हमारे बीच है.”
अफीफ ने कहा कि नेतन्याहू के आवास को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में हिजबुल्ला पूरी तरह से जिम्मेदार है. उन्होंने कहा कि समूह ने इस हमले को स्वयं अंजाम दिया. नेतन्याहू के कार्यालय ने बताया कि शनिवार को ड्रोन ने भूमध्य सागर के तटीय शहर सैसरिया में उनके घर को निशाना बनाया. हालांकि, उस समय न तो वह और न ही उनकी पत्नी वहां मौजूद थीं. यह स्पष्ट नहीं है कि घर पर हमला हुआ या नहीं.

हिजबुल्ला ने मध्य इजराइल में कई रॉकेट दागे
हिजबुल्ला ने मंगलवार को मध्य इजराइल में कई रॉकेट दागे, जिससे देश के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में हवाई हमले के सायरन बजने लगे. हालांकि इन हमलों में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ. यह हमला गाजा युद्धविराम वार्ता को फिर से शुरू करने के मिशन पर अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन के क्षेत्र में पहुंचने से कुछ घंटे पहले हुआ. इजराइली सेना ने कहा कि लेबनान से इजराइल में पांच रॉकेट दागे गए और इनमें से अधिकतर को इजराइल की मिसाइल रक्षा प्रणाली ने हवा में ही नष्ट कर दिया. एक रॉकेट खुले क्षेत्र में गिरा.
रॉकेट हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इजराइल ने लेबनान में हमले तेज करने के साथ ही हिजबुल्ला द्वारा संचालित एक वित्तीय संस्थान को निशाना बनाया है तथा अमेरिका हमास नेता या’ा सिनवार की मौत के बाद गाजा में संघर्ष विराम वार्ता को फिर से शुरू करने पर जोर दे रहा है.
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को खत्म करने और समूह द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों को मुक्त कराने का संकल्प लिया है. वहीं, हमास का कहना है कि वह स्थायी युद्ध विराम, गाजा से इजराइली सैनिकों की पूरी तरह वापसी और फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले में ही बंधकों को रिहा करेगा.
पिछले साल सात अक्टूबर को हमास के आतंकियों ने इजराइल पर हमला किया, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए, 250 अन्य का अपहरण कर लिया गया. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गाजा में इजराइल के जवाबी हमले में 42,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं. युद्ध से गाजा के ज्यादातर इलाके तबाह हो चुके हैं और इसकी 23 लाख की आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो गए हैं.
संघर्ष विराम के प्रयासों को बहाल करने की उम्मीद से इजराइल पहुंचे ब्लिंकन
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से 11वीं बार इस क्षेत्र की यात्रा पर मंगलवार को इजराइल पहुंचे. उनके हमास के शीर्ष नेता या’ा सिनवार की हत्या के बाद संघर्ष विराम के प्रयासों को फिर से शुरू करने की अमेरिका की उम्मीदों के बीच शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करने की संभावना है.
ब्लिंकन के इजराइल पहुंचने से कुछ घंटों पहले मंगलवार को हिजबुल्ला ने मध्य इजराइल में कई रॉकेट दागे, जिससे देश के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों और उसके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सायरन बजने लगे. अभी हमले में किसी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. इजराइली सेना ने बताया कि लेबनान से उनके देश में पांच रॉकेट दागे गए और ज्यादातर को इजराइली की मिसाइल रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया. एक रॉकेट एक खुले इलाके में गिरा. इजराइली सेना ने कहा कि इसी दौरान लेबनान की ओर से उत्तरी इजराइल में करीब 15 रॉकेट छोड़े गए.
ब्लिंकन के इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करने की संभावना है. इजराइल के बाद वह जॉर्डन, सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई अरब देशों की यात्रा कर सकते हैं. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने एक बयान में कहा, ”विदेश मंत्री ब्लिंकन गाजा में युद्ध खत्म करने, सभी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने और फलस्तीनी लोगों की पीड़ा दूर करने की महत्ता पर चर्चा करेंगे.” ब्लिंकन की पिछली यात्राओं से युद्ध खत्म करने के प्रयासों में कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है, लेकिन वह गाजा में मानवीय सहायता बढ़ाने में सफल रहे हैं.
बेरूत के एक मुख्य अस्पताल के पास इजराइली हमले में 12 से अधिक लोग मारे गए
बेरूत और उसके आसपास इजराइली हवाई हमलों में 12 से अधिक लोगों की मौत हो गई जबकि देश के सबसे बड़े सार्वजनिक अस्पताल को काफी नुकसान पहुंचा. लेबनानी स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इसके पहले हिजबुल्ला ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के क्षेत्र में पहुंचने से कुछ घंटे पहले मध्य इजराइल में रॉकेट की बौछार कर दी थी.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सोमवार देर रात किये गए हवाई हमलों में 57 अन्य लोग घायल हो गए. इस हमले में दक्षिणी बेरूत के बाहरी इलाके में स्थित रफीक हरीरी विश्वविद्यालय अस्पताल के सामने की कई इमारतें नष्ट हो गईं. इजराइली सेना ने बिना विस्तृत विवरण दिये बताया कि उसने हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमला किया था और उसने अस्पताल को निशाना नहीं बनाया था.
विदेश विभाग ने कहा कि ब्लिंकन गाजा में युद्ध को समाप्त करने, हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई और फलस्तीनी नागरिकों की पीड़ा को कम करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को खत्म करने और संगठन द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों का मुक्त कराने का संकल्प लिया है. हमास का कहना है कि वह केवल स्थायी संघर्ष विराम, गाजा से इजराइल की पूर्ण वापसी और फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले ही बंधकों को रिहा करेगा.