पाकिस्तान के दिग्गजों ने कहा, बाबर आजम को कप्तानी से हटाओ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Oct 2023 08:51 PM
पाकिस्तान के दिग्गजों ने कहा, बाबर आजम को कप्तानी से हटाओ
ऑडियो सुनें

कराची/चेन्नई. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने टीम की विश्व कप में लगातार तीसरी हार के लिए कप्तान बाबर आजम और अन्य खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन को दोषी ठहराया. कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने बाबर को कप्तानी से हटाकर शाहीन शाह अफरीदी को यह जिम्मेदारी सौंपने की अपील भी की.

चाहे वह वसीम अकरम हो, मिस्बाह उल हक, रमीज राजा, राशिद लतीफ, मुहम्मद हफीज, आकिब जावेद, शोएब मलिक, मोईन खान या शोएब अख्तर, इन सभी पूर्व क्रिकेटरों ने भारत, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान की हार के लिए बाबर को दोषी ठहराया.

अफगानिस्तान ने सोमवार को चेन्नई में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर विश्व कप में उसके लिए मुश्किलें बढ.ा दी है. बाबर ने हार के बाद अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज को बल्ला सौंपा था जो पूर्व क्रिकेटरों को नागवार गुजरा.
आकिब ने कहा कि बाबर की जगह अफरीदी को सीमित ओवरों के प्रारूपों में कप्तान नियुक्त किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा,”अफरीदी पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य है. बाबर सीमित ओवरों के क्रिकेट में खुद को अच्छा कप्तान साबित करने में नाकाम रहे हैं.” अकरम ने कहा,”अफगानिस्तान के खिलाफ खिलाड़ियों का क्षेत्ररक्षण और हावभाव बहुत खराब था. वह 283 रन के अच्छे लक्ष्य का बचाव नहीं कर पाए. गेंदबाजी बेहद साधारण नजर आ रही थी जबकि क्षेत्ररक्षण का स्तर बहुत खराब था.”

क्षेत्ररक्षण के दौरान टीम ने कोई जज्बा नहीं दिखाया: बाबर

अफगानिस्तान से मिली करारी हार के बाद विश्व कप से बाहर होने की कगार पर पहुंचे पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि उनके खिलाड़ियों में क्षेत्ररक्षण के दौरान जज्बे की कमी दिखी और टीम को इस विभाग में अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत है. टूर्नामेंट में लगातार दो जीत के साथ शुरुआत करने के बाद सोमवार को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान को अफगानिस्तान ने आठ विकेट से करारी शिकस्त दी.

इस आश्चर्यजनक हार ने पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंचा दिया है क्योंकि सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित करने के लिए उसे अपने बाकी सभी चार मैच जीतने होंगे. अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने बेहद खराब क्षेत्ररक्षण किया.

बाबर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ” आप जब भी क्षेत्ररक्षण करते हैं तो जज्बे के साथ ही करते हैं. मुझे टीम की ओर से कोई रवैया नजर नहीं आया. आपको गेंद पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, अन्य विचारों पर नहीं. जब गेंद आती है, तो एक क्षेत्ररक्षक के रूप में आपको सक्रिय रहना होगा. ऐसे में मुझे लगता है कि एक क्षेत्ररक्षण इकाई के रूप में हम थोड़ा पीछे चल रहे हैं.” पाकिस्तान की टीम शुक्रवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी तो यह उसके लिए ‘करो या मरो’ जैसा मैच होगा. बाबर ने कहा कि उनकी टीम को बाकी मैचों में नये दृष्टिकोण की जरूरत है.

कप्तान ने कहा, ”हमें एक अलग योजना, एक अलग मानसिकता के साथ मैदान में उतरना होगा. हम टीम में सकारात्मक माहौल लाने की कोशिश करेंगे.” उन्होंने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि हम इस हार (अफगानिस्तान के खिलाफ) से सीखेंगे. इससे हमें काफी निराशा हुई है. हम सकारात्मक चीजों के बारे में बात करने की कोशिश करेंगे.” बाबर ने स्वीकार किया कि उनकी टीम हम मैच में किसी न किसी विभाग में फिसड्डी रही है.

उन्होंने कहा, ”कभी-कभी, हम गेंदबाजी में अच्छा करते हैं, (लेकिन) हम बल्लेबाजी में अच्छा नहीं करते हैं. जब हम बल्लेबाजी में अच्छा करते हैं, तो हम क्षेत्ररक्षण में अच्छा नहीं करते हैं.” पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण को दुनिया में सर्वश्रेष्ठ में से एक माना जाता है, लेकिन वह इस टूर्नामेंट में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है और आसानी से रन लुटा रहा है. बाबर ने स्वीकार किया कि तेज गेंदबाज नसीम शाह की अनुपस्थिति से टीम को काफी नुकसान हुआ है.

उन्होंने कहा, ” हमें नसीम की कमी खल रही है. लेकिन इसके अलावा हमारी गेंदबाजी लाइनअप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ में से एक है. मुझे लगता है कि चल नहीं पा रहे हैं.” उन्होंने कहा कि टीम के लिए खोने के लिए कुछ भी नहीं है और वे बाकी मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे.

यह पूछे जाने पर कि क्या चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से हारने के बाद टीम का आत्मविश्वास डगमगाया है, बाबर ने कहा, ”नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता. ऐसा नहीं है. हमने ऑस्ट्रेलिया के मैच में देखा है. हमने लगभग 300 रन बनाये थे गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में टीम की शानदार वापसी कराई थी. मुझे नहीं लगता कि हमारे पास अब खोने के लिए कुछ है. हम हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu