‘पंचायत’ सीजन 3 ऊटपटांग घटनाओं से भरा है: अभिनेता चंदन रॉय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 May 2024 08:16 PM
‘पंचायत’ सीजन 3 ऊटपटांग घटनाओं से भरा है: अभिनेता चंदन रॉय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता चंदन रॉय का कहना है कि ”पंचायत” का तीसरा सीजन बड़ी ही ऊटपटांग और हंसा हंसा कर लोटपोट कर देने वाली घटनाओं से भरा है. चंदन इस अत्यंत लोकप्रिय ग्रामीण कॉमेडी सीरीज में एक मिलनसार कार्यालय सहायक के रूप में अपनी भूमिका के लिए जाने जाते हैं.

जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, रॉय और संविका शो में अपनी भूमिकाएं दोहरा रहे हैं. इस शो के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा हैं और चंदन कुमार ने इसे लिखा है. 28 मई को इसके तीसरे सीजन का प्रिमीयर प्राइम वीडियो पर होगा.
”पंचायत” की कहानी अभिषेक त्रिपाठी (जितेंद्र कुमार) के ईद-गिर्द घूमती है, जो एक बेरोजगार इंजीनियरिंग स्नातक है. अभिषेक को उत्तर प्रदेश के फुलेरा गांव के पंचायत कार्यालय में सचिव के रूप में नियुक्त किया जाता है.

चंदन रॉय ने पीटीआई से कहा, ”नया सीजन पिछले सीज.न से दोगुना मजेदार होगा. यह ऊटपटांग घटनाओं से भरा होगा. दर्शकों को इस बार कुछ नए किरदार भी देखने को मिलेंगे. कुल मिलाकर इस शो के लेखक चंदन सर हैं, जिन्होंने वास्तव में अच्छा काम किया है.” ”पंचायत” सीजन 3 की रिलीज का इंतजार कर रहे रॉय अपना अगला प्रोजेक्ट भी साइन कर चुके हैं. वे साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता उदय प्रकाश की प्रसिद्ध हिंदी लघु कहानी ”तिरिच: पोट्र्रेट ऑफ ए डाइंग मैन” में मुख्य भूमिका निभाएंगे. रॉय ने कहा कि वे बेहद भाग्यशाली हैं कि अपने छात्र जीवन के दौरान पढ़ी गई कहानी में मुख्य भूमिका निभाएंगे. ”तिरिच” एक पिता और पुत्र के बीच के रिश्ते पर बुनी गई कहानी है.

यह फिल्म अभी अपने प्रारंभिक चरण में है, जिसे संजीव कुमार झा निर्देशित करेंगे. वे इससे पहले अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा अभिनीत ”जबरिया जोड़ी” लिख चुके हैं. इस फिल्म का पोस्टर हाल ही में दिल्ली में रिलीज किया गया था. उन्होंने कहा, ”साहित्य से प्यार करने वाले लोगों ने ‘तिरिच’ पढ़ी होगी. मैंने भी यह खूबसूरत कहानी पढ़ी है. जब संजीव सर ने मुझे यह कहानी सुनाई, तो मैं वापस अपने बचपन में चला गया. मैं बेहद भाग्यशाली हूं कि मुझे यह भूमिका निभाने का मौका मिल रहा है. यह अब तक मेरे द्वारा निभाए गए सभी किरदारों से बहुत अलग है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu