पंकज त्रिपाठी ने निर्वाचन आयोग के ‘नेशनल आइकन’ के रूप में इस्तीफा दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 12 Jan 2024 08:16 PM
पंकज त्रिपाठी ने निर्वाचन आयोग के ‘नेशनल आइकन’ के रूप में इस्तीफा दिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने निर्वाचन आयोग के ‘नेशनल आइकन’ के रूप में स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि वह ‘मैं अटल हूं’ फिल्म में एक राजनीतिक नेता की भूमिका निभा रहे हैं. त्रिपाठी, रवि जाधव के निर्देशन वाली फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका निभा रहे हैं. अभिनेता ने कहा कि उन्होंने फिल्म का ट्रेलर जारी होने से पहले पद छोड़ने का मन बनाया था.

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”यह एक सामान्य प्रक्रिया है. खबर अब आई है लेकिन मैंने फिल्म का ट्रेलर जारी होने से पहले निर्वाचन आयोग को पत्र लिख दिया था.” ‘एक्स’ पर निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता के आधिकारिक हैंडल ने बृहस्पतिवार को यह खबर साझा की कि त्रिपाठी ने ‘नेशनल आइकन’ के रूप में इस्तीफा दे दिया है. उन्हें अक्टूबर 2022 में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

पोस्ट में कहा गया है, ”आगामी फिल्म में राजनीतिक नेता के रूप में अपनी भूमिका को ध्यान में रखते हुए, अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने सहमति पत्र की शर्तों के अनुसार निर्वाचन आयोग के नेशनल आइकन पद से इस्तीफा दे दिया है. आयोग अक्टूबर 2022 से मतदाता जागरूकता और स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) में प्रभावकारी योगदान देने के लिए उनका आभार जताता है.” त्रिपाठी (57) ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग के साथ जुड़े रहना और उसके मतदाता कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता फैलाना चाहते थे.

उन्होंने कहा, ”लेकिन एक अभिनेता के रूप में, आपको विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभानी होती हैं और इसलिए मैं अटल बिहारी वाजपेयी जैसी राजनीतिक शख्सियत का किरदार निभा रहा हूं. मुझे लगा कि स्वेच्छा से इस्तीफा देना मेरे लिए उपयुक्त रहेगा.” फिल्म के निर्माता विनोद भानुशाली, संदीप सिंह और कमलेश भानुशाली हैं. फिल्म 19 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. भवेश भानुशाली और सैम खान फिल्म के सह-निर्माता हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu