परमेश्वर ने कुमारस्वामी पर ‘नस्लवादी’ टिप्पणी के लिए खान के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का दिया संकेत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Nov 2024 08:27 PM
परमेश्वर ने कुमारस्वामी पर ‘नस्लवादी’ टिप्पणी के लिए खान के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का दिया संकेत
ऑडियो सुनें

मैसुरु. कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को संकेत दिया कि कांग्रेस की राज्य इकाई केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) नेता एच.डी. कुमारस्वामी को ‘कालिया’ कहने पर मंत्री बी.जेड. जमीर अहमद खान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही कर सकती है.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने कुमारस्वामी के खिलाफ इस टिप्पणी को ”नस्लीय” करार देकर इसकी निंदा की है. कांग्रेस के कई पदाधिकारी चामराजपेट से विधायक खान के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पार्टी पर दबाव बना रहे हैं और उन पर पार्टी को नुकसान पहुंचाने एवं उसकी छवि खराब करने का आरोप लगा रहे हैं.

परमेश्वर ने मंत्री के बयान के उपचुनावों पर पड़ने वाले असर के बारे में सवाल पूछे जाने पर कहा, ”उपचुनाव के बाद कांग्रेस की प्रदेश इकाई के हमारे अध्यक्ष (डी के शिवकुमार) ने कहा है कि उनके (खान के) बयान का चुनाव पर प्रभाव पड़ा. पार्टी में रहमान खान (राज्य सभा के पूर्व उपसभापति) के तहत एक अनुशासनात्मक समिति है. यदि पार्टी अध्यक्ष इस मामले को अनुशासन समिति को भेजते हैं, तो वह जमीर अहमद खान को बुला सकते हैं और उनसे पूछताछ कर सकते हैं.”

उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ”अगर मामला गंभीर है तो समिति उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश कर सकती है.” कई कांग्रेस नेताओं और राजनीतिक हलकों के कई लोगों का मानना ??है कि खान के बयान का चन्नपटना विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा. इस सीट पर 13 नवंबर को शिग्गांव और संदूर सीट के साथ उपचुनाव हुए थे. चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. खान ने चन्नपटना में चुनाव प्रचार के दौरान ये टिप्पणियां की थीं, जहां कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जद(एस) गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार हैं. खान ने उनकी टिप्पणी पर विवाद पैदा होने के बाद पिछले सप्ताह माफी मांगी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu