छात्र ने उत्तर पुस्तिका में 500 रुपये का नोट चिपकाया, साल भर के लिए लगा प्रतिबंध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 12 Aug 2022 09:36 PM
छात्र ने उत्तर पुस्तिका में 500 रुपये का नोट चिपकाया, साल भर के लिए लगा प्रतिबंध
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. अहमदाबाद में बारहवीं कक्षा के एक छात्र के गुजरात माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसएचएसईबी) की परीक्षाओं में बैठने पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया गया है. छात्र द्वारा अपनी उत्तर पुस्तिका में 500 रुपये का नोट चिपकाकर परीक्षक को कथित तौर पर रिश्वत देने का प्रयास करने के बाद यह कदम उठाया गया है. एक बोर्ड अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि यह छात्र विज्ञान संकाय के उन 22 परीक्षार्थियों में शामिल है, जिनके खिलाफ नकल करने, उत्तर पुस्तिका पर लाल कलम से लिखने और परीक्षार्थी को रिश्वत देने की कोशिश करने के मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. जीएसएचएसईबी ने मई में बारहवीं कक्षा के नतीजे घोषित किए थे.

बोर्ड अधिकारी के मुताबिक, ‘‘परीक्षा उत्तीर्ण करने के प्रयास में विज्ञान संकाय के एक छात्र ने रसायन शास्त्र की उत्तर पुस्तिका के अंदर गोंद से 500 रुपये का नोट चिपका दिया था. कुछ लोगों ने उसे बताया होगा कि इस तरह के पैंतरे परीक्षा पास करने में कारगर साबित हो सकते हैं.’’ उन्होंने बताया कि उत्तर पुस्तिका जांचते समय जब परीक्षक को यह नोट मिला तो उसने उचित कार्रवाई के लिए बोर्ड को इस बारे में सूचित किया. अधिकारी के अनुसार, छात्र के बयान दर्ज करने के लिए बोर्ड की परीक्षा समिति ने उसका परिणाम रोक दिया और जीएसएचएसईबी की परीक्षाओं में बैठने पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu