पीसीबी ने संशोधित वीडियो में इमरान खान को शामिल किया, विवाद बरकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Aug 2023 09:26 PM
पीसीबी ने संशोधित वीडियो में इमरान खान को शामिल किया, विवाद बरकरार
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पूर्व खिलाड़ियों के सम्मान में जारी किए गए वीडियो के कारण पैदा हुए विवाद को खत्म करने के लिए एक नया वीडियो जारी करके अपनी मुसीबतें बढ़ा दी. पीसीबी ने 14 अगस्त को एक वीडियो जारी किया था जिसमें पूर्व कप्तान इमरान खान का जिक्र नहीं किया गया था जिसके कारण उसकी कड़ी आलोचना हो रही थी.

पीसीबी ने बुधवार की रात को अजीबोगरीब स्पष्टीकरण दिया कि वीडियो की अवधि को लेकर जुड़ी परेशानियों के कारण उसमें कुछ महत्वपूर्ण क्लिप शामिल नहीं थी लेकिन उसने संपूर्ण वीडियो में संशोधन कर दिया है. इसमें यह भी कहा गया है कि पीसीबी ने विश्व कप 2023 के लिए प्रचार अभियान शुरू कर दिया है और यह वीडियो उसी का हिस्सा है.

वीडियो की अवधि को लेकर दिलचस्प बात यह है कि पूर्व में जारी वीडियो और संशोधित वीडियो की अवधि लगभग समान है लेकिन इस बार बोर्ड ने वसीम अकरम से जुड़ी सभी क्लिप और तस्वीरें हटा दी और उनकी जगह इमरान को शामिल कर दिया. क्रिकेट प्रेमी अब सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि वसीम अकरम को क्यों हटा दिया गया.

इमरान को वीडियो में जगह नहीं देने पर अकरम ने मंगलवार को पीसीबी की कड़ी आलोचना की थी. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि पीसीबी के स्पष्टीकरण को पचा पाना मुश्किल है क्योंकि वीडियो को लगभग 48 घंटे के बाद संशोधित किया गया.
लतीफ ने कहा,” सोशल मीडिया और मीडिया में आलोचना होने के तुरंत बाद ही गलती को स्वीकार करके उसमें सुधार क्यों नहीं किया गया.

उन्होंने इसके साथ ही कहा कि एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पीसीबी का सत्यापित अकाउंट है जिसका मतलब है कि वह सात-आठ मिनट का वीडियो अपलोड कर सकता है. इसके अलावा पीसीबी यूट्यूब पर कितनी भी लंबी अवधि का वीडियो डाल सकता है. लतीफ ने कहा,” इसलिए पीसीबी के लिए अवधि को लेकर परेशानी कहां पैदा हुई. यह अपनी गलती छुपाने का एक प्रयास है लेकिन पीसीबी को अब भी यह जवाब देना होगा कि वीडियो तैयार करने और उसे मंजूरी देने के लिए कौन जिम्मेदार था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu