भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में लोगों का उत्साह, उत्कृष्ट कार्य हमारी सबसे बड़ी ताकत: मोदी

मोदी की मास्को की ''बेहद अहम यात्रा'' को लेकर उत्सुक है रूस : क्रेमलिन

नयी दिल्ली/मॉस्को. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में भारतीयों का उत्कृष्ट कार्य तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का उत्साह देश की सबसे बड़ी ताकत है. जैन अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठन (जेआईटीओ) के ‘इनक्यूबेशन इनोवेशन फंड’ के सातवें स्थापना दिवस पर लिखित संदेश में मोदी ने कहा कि भारत के प्रति दुनियाभर में जिस तरह का आशावाद और भरोसा देखा जा रहा है, वह देश की ताकत को दिखाता है.

मोदी ने कहा, “भारत अपार संभावनाओं वाला देश है. विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हमारे देशवासियों की भागीदारी और देश के विकास के लिए उनका उत्साह हमारी सबसे बड़ी ताकत है.” प्रधानमंत्री ने प्रौद्योगिकी के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करते हुए 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने कहा कि विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम करना और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक है.

मोदी ने कहा, “आज का आशावाद और हमारी क्षमताओं में अटूट विश्वास अंतरिक्ष विज्ञान, रक्षा और व्यापार सहित सभी क्षेत्रों तक फैला हुआ है. जेआईटीओ जैसे संगठनों ने पिछले दशक में इन उपलब्धियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण में योगदान दिया है.” जेआईटीओ इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन फंड (जेआईआईएफ) ने छह और सात जुलाई को अपना वार्षिक ‘इनोवेशन कॉन्क्लेव’ आयोजित किया. इसका विषय था ‘प्रभावकारी विचार: नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना’. जेआईटीओ की अनुषंगी कंपनी जेआईआईएफ ने 80 कंपनियों में 200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है और 25 से अधिक जैन उद्यमियों को प्रशिक्षित किया है.

ऑ्ट्रिरया की यात्रा पर संबंधों को मजबूत बनाने, सहयोग के नये रास्ते तलाशने पर होगी चर्चा : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत और ऑ्ट्रिरया के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर इस मध्य यूरोपीय देश की यात्रा करना वास्तव में सम्मान की बात है. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने तथा सहयोग के नये रास्ते तलाशने पर चर्चा होगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात ऑ्ट्रिरया के चांसलर कार्ल नेहमर के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कही, जिसमें कहा गया है कि वह दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अगले सप्ताह वियना में स्वागत करने के लिए बहुत उत्सुक हैं.

नेहमर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, “यह यात्रा एक विशेष सम्मान है क्योंकि यह 40 से अधिक वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मेरे देश की पहली यात्रा है. यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हम भारत के साथ राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं.” उन्होंने कहा, “हमें अपने द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ करने और कई भू-राजनीतिक चुनौतियों पर बेहतरीन सहयोग के बारे में बात करने का अवसर मिलेगा.” नेहमर की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताया.

मोदी की मास्को की ”बेहद अहम यात्रा” को लेकर उत्सुक है रूस : क्रेमलिन

रूस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मॉस्को की ”बेहद अहम यात्रा” को लेकर उत्सुक है और वह इस यात्रा को रूस तथा भारत के संबंधों के लिए अति महत्वपूर्ण मानता है. रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शनिवार को यह बात कही. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और वह आठ एवं नौ जुलाई को मॉस्को में रहेंगे.

विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में इस उच्च स्तरीय यात्रा के बारे में जानकारी दी थी और कहा था कि दोनों नेता दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों की संपूर्ण समीक्षा करेंगे तथा आपसी हितों के समकालीन क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे. पेस्कोव ने रूस के सरकारी टेलीविजन ‘वीजीटीआरके’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि मॉस्को में दोनों नेता अन्य कार्यक्रमों के अलावा अनौपचारिक बातचीत भी करेंगे.

उन्होंने कहा, ” जाहिर है कि अगर इसे अति व्यस्त न भी कहा जाए तो भी एजेंडा व्यापक होगा. यह एक आधिकारिक यात्रा होगी और हमें उम्मीद है कि दोनों नेता अनौपचारिक तरीके से भी बातचीत कर सकेंगे.” पेस्कोव ने कहा कि रूस और भारत के बीच संबंध रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर हैं. सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने पेस्कोव के हवाले से कहा, ”हम एक अति महत्वपूर्ण यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं जो रूस-भारत संबंधों के लिए बहुत अहम है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button