पेटा इंडिया ने सलमान खान को पत्र लिखकर ‘बिग बॉस 18’ से गधे को हटाने की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Oct 2024 08:00 PM
पेटा इंडिया ने सलमान खान को पत्र लिखकर ‘बिग बॉस 18’ से गधे को हटाने की मांग की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ‘पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स’ (पेटा) इंडिया ने बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से अपील की कि वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर “बिग बॉस 18” के सेट से गधे को हटा दें. खान को भेजे गए पत्र में, पेटा इंडिया ने गधे के उपयोग पर बढ़ती सार्वजनिक चिंता को उजागर किया, जिसे लोकप्रिय रियलिटी शो के नवीनतम संस्करण में 19वें प्रतियोगी ‘गधराज’ के रूप में पेश किया गया था. खान द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले ‘बिग बॉस’ के 18वें संस्करण का रविवार को कलर्स टीवी चैनल पर प्रीमियर हुआ.

पत्र में कहा गया, “हमें लोगों से काफी शिकायतें मिल रही हैं, जो ‘बिग बॉस’ के घर में गधे को रखे जाने से बेहद व्यथित हैं. उनकी चिंताएं स्वाभाविक हैं और उन्हें अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए.” प्रतिनिधि शौर्य अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र के माध्यम से, पेटा इंडिया ने ‘टाइगर 3’ के अभिनेता से कहा कि वह अपने “प्रभाव का उपयोग करके शो के निर्माताओं से अनुरोध करें कि वे मनोरंजन के लिए जानवरों का उपयोग न करें.” इसमें कहा गया है, “इससे न केवल पशुओं पर पड़ने वाले तनाव और दर्शकों की परेशानी को रोका जा सकेगा, बल्कि एक पुख्ता मिसाल भी कायम होगी.” पत्र में गैर-लाभकारी संगठन ने यह भी अनुरोध किया कि गधे को “अभयारण्य में पुनर्वास” के लिए पेटा इंडिया को सौंप दिया जाए, जहां वह अन्य बचाए गए गधों के साथ रह सके.

शिकायतें इस बात पर केंद्रित हैं कि गधे को एक छोटे से स्थान में सीमित कर दिया जाता है तथा उसे टेलीविजन सेट पर विपरीत परिस्थितियों में रखा जाता है, जो कि गधे जैसे जानवरों के लिए विशेष रूप से कष्टकारी हो सकती हैं. उन्होंने कहा, ” ‘बिग बॉस’ हल्का-फुल्का मनोरंजक कार्यक्रम है, लेकिन शो के सेट पर जानवरों का इस्तेमाल कोई हंसी-मजाक की बात नहीं है…. उन्हें और अन्य जानवरों को सभी शो के सेट पर होने वाली रोशनी, ध्वनि और शोरगुल भ्रामक और भयावह लगेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu