प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से स्वदेशी वस्तुएं खरीदने की अपील की

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 16 Apr 2022 05:01 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से स्वदेशी वस्तुएं खरीदने की अपील की
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से केवल स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील करते हुए शनिवार को कहा कि भारत इस मोड़ पर गतिहीन नहीं बना रह सकता और उसे आत्मनिर्भर बनना होगा.मोदी ने कहा कि यदि लोग आगामी 25 साल तक स्थानीय उत्पाद का इस्तेमाल करते हैं, तो देश को बेरोजगारी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा. मोदी ने हनुमान जयंती के अवसर पर वीडियो ंिलक के जरिए गुजरात के मोरबी में भगवान हनुमान की 105 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा, ‘‘भारत अब गतिहीन नहीं बना रह सकता… हम जागे हुए हैं या सो रहे हैं, हम जहां हैं, वहीं बने नहीं रह सकते. वैश्विक स्थिति ऐसी है कि पूरी दुनिया यह सोच रही है कि ‘आत्मनिर्भर’ कैसे बनना है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं देश के संतों से अनुरोध करूंगा कि वे केवल स्थानीय उत्पाद खरीदने की लोगों को शिक्षा दें. ‘वोकल फॉर लोकल’ मुख्य चीज है. हमारे घरों में, हमें केवल अपने लोगों की बनाई चीजों का इस्तेमाल करना चाहिए. कल्पना कीजिए, इससे कितनी अधिक संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा.’’ मोदी ने कहा, ‘‘हमें विदेशी वस्तुएं अच्छी लग सकती हैं, लेकिन इनमें हमारे लोगों की कड़ी मेहनत, हमारी मिट्टी की सुगंध का एहसास शामिल नहीं होता.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यदि आगामी 25 साल में हम केवल स्थानीय उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, तो हमारे लोग बेरोजगार नहीं रहेंगे.’’

प्रधानमंत्री ने सौराष्ट्र क्षेत्र के मोरबी में ‘परम पूज्य केशवानंद जी’ के आश्रम में भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया. यह ‘हनुमानजी चार धाम’ परियोजना के तहत देश भर की चारों दिशाओं में स्थापित की जा रही चार प्रतिमाओं में से दूसरी प्रतिमा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news