
तोक्यो. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जापान में प्रवासी भारतीय समुदाय से ‘‘भारत चलो, भारत से जुड़ो’ अभियान में शामिल होने को कहा . उन्होंने हाल के वर्षो में देश में आधारभूत ढांचा, प्रशासन, हरित विकास, डिजिटल क्रांति जैसे विभिन्न क्षेत्रों के सुधार कदमों का उल्लेख किया. तोक्यो में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों के कौशल, प्रतिभा और उद्यमशीलता की सराहना की.
उन्होंने कहा, ‘‘ आपने अपने कौशल, अपनी प्रतिभा और उद्यमशिलता से जापान की इस महान धरती को मंत्रमुग्ध किया है. भारतीयता के रंगों और भारत की संभावनाओं से भी आपको जापान को लगातार परिचित कराना है. मुझे विश्वास है कि आपके सार्थक प्रयासों से भारत-जापान की दोस्ती को नई बुलंदी मिलेगी.’’ स्वामी विवेकानंद और रवींद्र नाथ टैगोर को उद्धृत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंध काफी गहरे हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि जापान से प्रभावित होकर स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि हर भारतीय नौजवान को अपने जीवन में कम से कम एक बार जापान की यात्रा जÞरूर करनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘ स्वामी जी की इस सद्भावना को आगे बढ़ाते हुए, मैं चाहूंगा कि जापान का हर युवा अपने जीवन में कम से कम एक बार भारत की यात्रा करे . ’’ भारतीय समुदाय के करीब 700 लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि वे सभी से ‘भारत चलो, भारत से जुड़ो’ अभियान में शामिल होने की अपील करते हैं .
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आधारभूत ढांचा, प्रशासन,हरित विकास, डिजिटल क्रांति जैसे क्षेत्रों में भारत में हाल के वर्षो में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया. भारतीय समुदाय के लोगों द्वारा ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी वे जापान आए, उन्हें काफी स्रेह मिला.
उन्होंने कहा, ‘‘ जब भी मैं जापान आता हूं, तो मैं देखता हूं कि आपकी स्रेह वर्षा हर बार बढ़ती ही जाती है. आप में से कई साथी अनेक वर्षों से यहां बसे हुए हैं.’’ उन्होंने कहा कि जापान की भाषा, वेशभूषा, संस्कृति और खानपान एक प्रकार से आपके जीवन का भी हिस्सा बन गया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘ आज जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो वो आने वाले 25 साल यानी आजादी के 100वें वर्ष तक ंिहदुस्तान को हमें किस ऊंचाई तक पहुंचाना है, आज देश उस रोडमैप को तैयार करने में लगा हुआ है.’’ उन्होंने समारोह से पहले जापान में प्रवासी सम्मान प्राप्त करने वालों, कलाकारों, खिलाड़ियों आदि से मुलाकात भी की .



