
पेरिस. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने पारस्परिक हित के कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और कई क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की.
इससे पहले आज यहां पहुंचे मोदी का लार्चर के साथ वार्ता के लिए बैठक हॉल में पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेरिस में सीनेट के अध्यक्ष श्री जेरार्ड लार्चर के साथ सार्थक बैठक की. उन्होंने पारस्परिक हित के कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और कई क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की.” मोदी दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं. इस दौरान वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में उनके साथ शामिल होंगे.
फ्रांसीसी प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने एक विशेष भाव प्रर्दिशत करते हुए हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया. प्रधानमंत्री मोदी यहां भारतीय समुदाय के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे. दिल्ली से फ्रांस के लिए रवाना से पहले, मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यात्रा द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को एक नई गति प्रदान करेगी. मैक्रों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के विस्तार पर मुख्य ध्यान रहने की उम्मीद है.



