श्रीनगर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में पुलिस कांस्टेबल की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Mar 2022 09:23 PM
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. श्रीनगर के सौरा इलाके में मंगलवार को हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ में पुलिस का एक कांस्टेबल शहीद हो गया जबकि एक आतंकवादी घायल हो गया. कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि आतंकवादियों की उपस्थिति की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में अभियान शुरू किया था.

एक कार्यक्रम से इतर कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन आतंकवादी कार में घूम रहे हैं. पुलिस की एक टीम ने उनका पीछा किया और एक संक्षिप्त मुठभेड़ में एक आतंकवादी गोली लगने से घायल हो गया.’’ पुलिस प्रमुख ने कहा कि कुपवाड़ा का रहने वाला सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल आमिर हुसैन लोन मुठभेड़ में घायल हो गये.

कुमार ने बताया, ‘‘उन्हें (लोन) अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई. हमें इसका दुख है, लेकिन हम उन्हें (आतंकवादियों) जल्दी ही मार गिराएंगे.’’ उन्होंने बताया कि आतंकवादियों का यह समूह लश्कर-ए-तैय्यबा से जुड़ा हुआ है.

कुमार ने कहा, ‘‘यह लश्कर का एक समूह था जिसमें बासित शामिल है, जो मेहराम के मारे जाने के बाद कमांडर बन गया है. उसमें रेहान और एक अन्य आतंकवादी शामिल है. यह समूह बडगाम सहित अन्य हत्याओं में शामिल रहा है. हम उसका पता लगा रहे हैं और उन्हें जल्दी ही मार गिराएंगे.’’
आतंकी हमलों की बढ़ती संख्या पर आईजी ने कहा कि सुरक्षा बल अभियान में जुटे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इस महीने में अभी तक हमने 11 हार्डकोर आतंकवादियों को मार गिराया और 12-13 को गिरफ्तार भी किया है. हमारा अभियान अभी जारी हैं.’’ *

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu