
बेंगलुरु. कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किए गए लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीप और उनके सहयोगियों के खिलाफ कानूनी तौर पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस को खुली छूट दे दी गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच करेगी और यह भी पता लगाएगी की कि क्या दर्शन एक ‘आदतन अपराधी’ हैं. उन्होंने कहा कि इसके बाद उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसी बीच, पुलिस बुधवार को थुगुदीप के चार सहयोगियों को घटनास्थल पर जांच के लिए यहां पट्टनगेरे ले गई. इसी स्थान पर हत्या की गई थी. निखिल, विनय, कार्तिक और राघवेंद्र उन 12 साथियों में शामिल हैं जिन्हें दर्शन के साथ मंगलवार को अभिनेता के प्रशंसक रेणुकास्वामी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”अपने प्रशंसक रेणुकास्वामी की हत्या करने के आरोप पर उन्हें (दर्शन को) मैसूर से बेंगलुरु लाकर गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ की जा रही है. जांच में जो भी आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. कानून सबके लिए बराबर है चाहे वो दर्शन हो या परमेश्वर. इसलिए किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए.” ‘चैलेंजिंग स्टार’ के नाम से मशहूर दर्शन और उनके 12 सहयोगियों को अभिनेता के 33 वर्षीय प्रशंसक रेणुकास्वामी की हत्या करने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था.
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, चित्रदुर्ग के जिला मुख्यालय शहर के निवासी रेणुकास्वामी ने कथित तौर पर दर्शन की करीबी दोस्त और अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी. रेणुकास्वामी ने अभिनेत्री पर दर्शन और उनकी पत्नी के बीच दरार पैदा करने का आरोप लगाया था. मृतक ने कथित तौर पर “अभद्र भाषा” का इस्तेमाल किया और आपत्तिजनक संदेश भी साझा किए.
परमेश्वर ने कहा, “यदि रेणुकास्वामी ने दर्शन की महिला मित्र के बारे में सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट किया था, तो वह शिकायत कर सकते थे और पुलिस उस पर तुरंत कार्रवाई करती. जानकारी यह है कि उन्हें (रेणुकास्वामी को) चित्रदुर्ग से बेंगलुरु लाया गया, पीटा गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई. इससे बचा जा सकता था.” उन्होंने कहा, “अब घटना हो चुकी है, एक व्यक्ति की जान चली गई है और कोई कुछ नहीं कर सकता. लेकिन कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ जो भी कार्रवाई की जानी है, वह पुलिस करेगी.”
प्रभावशाली नेताओं के जरिए दर्शन द्वारा खुद को बचाने के प्रयास किए जाने संबंधी सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि जहां तक उन्हें जानकारी है ऐसा नहीं किया गया है और मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. जी परमेश्वर ने कहा, ”सरकार की ओर से कोई भी व्यक्ति इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगा. पुलिस को पूरी छूट दी गई है और वे कानून के अनुसार इस मामले में कार्रवाई करेंगे.”
अभिनेता दर्शन की गिरफ्तारी : हत्या के मामले की जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई
कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीप की मित्र और सह-कलाकार के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले एक व्यक्ति की हत्या की जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेणुकास्वामी (33) ने सोशल मीडिया पोस्ट पर पवित्रा गौड़ा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की जिसकी वजह से दर्शन उसपर क्रोधित हो गए.
उन्होंने कहा, “पवित्रा ने ही दर्शन को रेणुकास्वामी को दंडित करने के लिए उकसाया था और इसके मुताबिक योजना बनाई गई.” रेणुकास्वामी चित्रदुर्ग के लक्ष्मी वेंकटेश्वर लेआउट के रहने वाले थे और एक फार्मेसी कंपनी में काम करते थे. सूत्रों के अनुसार, “दर्शन ने दर्शन फैन क्लब के संयोजक राघवेंद्र उर्फ ??रघु की चित्रदुर्ग इकाई को योजना में शामिल किया, जिसने रेणुकास्वामी के बारे में सारी जानकारी प्राप्त की.” रेणुकास्वामी की पत्नी सहाना ने कहा कि राघवेंद्र उनके पति को शुक्रवार रात उनके घर के पास से ले गया. सूत्रों ने कहा कि पीड़ित का अपहरण करके बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या इलाके में एक झोपड़ी में ले जाया गया.
उन्होंने कहा कि उसके (रेणुकास्वामी के) पूरे शरीर की हड्डियों में कई फ्रैक्चर थे उन्होंने कहा, “दर्शन ने रेणुकास्वामी को बेल्ट से पीटा और जब वह बेहोश हो गया तो उनके साथियों ने उसे लाठियों से पीटा. इसके अलावा उन्होंने उसे एक दीवार पर फेंक दिया जो घातक साबित हुआ.” मरने के बाद उसके शव को बरसाती नाले में फेंक दिया गया. जब एक फूड डिलीवरी बॉय ने देखा कि कुत्ते एक मानव शरीर को खा रहे हैं तो उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी.
कामाक्षीपाल्या पुलिस से इस मामले की जांच के दौरान दो आरोपियों ने संपर्क किया और यह स्वीकार किया कि वित्तीय विवाद के चलते उन्होंने रेणुकास्वामी को मार डाला. जैसे-जैसे जांच आगे बढ.ी तो पुलिस को दर्शन और पवित्रा की संलिप्तता का पता चला. रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में दर्शन, उनकी दोस्त और फिल्म अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा और 11 अन्य को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था. अभिनेता (47) को एक अदालत ने छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.



