‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ स्वतंत्र भारत के इतिहास को यादगार बनाने का एक अद्भुत प्रयास: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 May 2022 08:41 PM
‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ स्वतंत्र भारत के इतिहास को यादगार बनाने का एक अद्भुत प्रयास: शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को सर्मिपत संग्रहालय का सोमवार को दौरा किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास को यादगार बनाने का यह एक अद्भुत प्रयास है. शाह ने कहा, ‘‘मैं सभी देशवासियों से, विशेषकर युवाओं से आग्रह करता हूं कि एक बार इस संग्रहालय में अवश्य आयें. यहां आकर आप इतिहास के कई गौरवमयी क्षणों की अनुभूति करने के साथ उन्हें और करीब से जान पाएंगे.’’

शाह ने कई ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान का सम्मान करते हुए ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ की स्थापना की. इसके माध्यम से देशवासी हमारे सभी प्रधानमंत्रियों द्वारा देश की सुरक्षा, एकता और विकास में उनके योगदान को जान पायेंगे. आज इस अद्भुत संग्रहालय में जाने का अवसर मिला.’’

गृह मंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय राजनीतिक विचारधारा से परे सभी प्रधानमंत्रियों की उपलब्धियों और योगदानों के दस्तावेजीकरण करने का एक सराहनीय प्रयास है. उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री संग्रहालय स्वतंत्र भारत के इतिहास को चिरस्मरणीय बनाने का एक अद्भुत प्रयास है.’’ शाह ने कहा कि इसके माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्रधानमंत्री पद’ का गौरव बढ़ाने का काम किया है. मैं इसके लिए मोदी जी को धन्यवाद देता हूं.’’ संग्रहालय का उद्घाटन 14 अप्रैल को हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu