प्रज्ञानानंदा तीसरे स्थान पर, वेई यि ने सुपरबेट रैपिड वर्ग जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 May 2024 10:48 PM
प्रज्ञानानंदा तीसरे स्थान पर, वेई यि ने सुपरबेट रैपिड वर्ग जीता
ऑडियो सुनें

वारसॉ. ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा शुक्रवार को यहां सुपरबेट रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट के रैपिड वर्ग में अकेले तीसरे स्थान से भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहे. चीन के वेई यी ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सातवें दौर में विश्व चैंपियनशिप के चैलेंजर डी गुकेश और आठवें राउंड में नोदिरबेक अब्दुसात्तोरोव को हराया लेकिन फाइनल में प्रज्ञानानंदा से अंक बांटने के बावजूद रैपिड वर्ग में जीत हासिल की.

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को रैपिड के अंतिम दिन दो ड्रा के अलावा जर्मनी के विंसेंट कीमर के खिलाफ एकमात्र जीत के बाद दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. अभी 175000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले टूर्नामेंट में विजेता का फैसला होने से पहले ब्लिट्ज के 18 और राउंड खेले जाने हैं. वेई यी ने कुल मिलाकर 13 अंक हासिल किये. रैपिड वर्ग में प्रत्येक जीत के दो अंक थे और प्रत्येक ड्रा से एक अंक मिला. चीनी खिलाड़ी ने एक ड्रा खेला, दो में उन्हें हार मिली जबकि बाकी छह बाजियां जीतकर कार्लसन से आगे निकल गए.

कार्लसन ने तीन जीत और छह ड्रा के साथ कुल 12 अंक जबकि प्रज्ञानांनदा ने 10 अंक जुटाये जिससे वह अकेले तीसरे स्थान पर रहे.
स्थानीय स्टार डूडा जान-क्रिजस्तोफ. और किरिल शेवचेंको नौ अंक के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे जबकि अर्जुन एरीगेसी आठ अंक से एंडुसत्तोरोव के साथ छठे स्थान पर रहे. गुकेश, हालैंड के अनीष गिरी और कीमर के सात अंक रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu