त्रिशूर के प्रसाद ई डी सबरीमाला मंदिर के नए ‘मेलशांति’ चुने गए

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 18 Oct 2025 02:29 PM
त्रिशूर के प्रसाद ई डी सबरीमाला मंदिर के नए ‘मेलशांति’ चुने गए

ऑडियो सुनें

पथनमथिट्टा: वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा का मौसम शुरू होने से कुछ ही सप्ताह पहले शनिवार को त्रिशूर के प्रसाद ई. डी. को सबरीमला भगवान अयप्पा मंदिर का नया ‘मेलशांति’ (मुख्य पुजारी) चुना गया। त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड के सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को ‘थुलम’ माह की पूजा के लिए खोले गए पहाड़ी मंदिर में उषापूजा (सुबह की पूजा) के बाद पारंपरिक ‘ड्रॉ’ के माध्यम से यह चयन किया गया।

टीडीबी वह संस्था है जो सबरीमला सहित राज्य के कई मंदिरों का प्रबंधन करती है। त्रिशूर के चालाकुडी के रहने वाले प्रसाद पिछले तीन ल से एरेश्वरम धर्मस्थ मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने एक टीवी चैनल से बात करते हुए भगवान अयप्पा मंदिर में मुख्य पुजारी के रूप में अपने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

अयप्पा के परम भक्त प्रसाद ने कहा कि वह जल्द से जल्द मंदिर पहुंचना चाहेंगे। पुजारी ने कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं। मैं अपनी खुशी शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मैं इससे अधिक कुछ नहीं मांग सकता।’’ टीडीबी के अधिकारियों की उपस्थिति में पंडालम राजपरिवार के दो बच्चों ने ड्रॉ निकाला।

इस बीच शुक्रवार शाम को सबरीमला के कपाट खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को मंदिर आएंगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital