राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार को गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 21 Aug 2023 02:37 PM
राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार को गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी…
ऑडियो सुनें

पणजी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को गोवा की तीन दिवसीय यात्रा पर पणजी पहुंचेंगी। इस दौरान वह राज्य विधानसभा के सदस्यों को संबोधित करेंगी और गोवा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी हिस्सा लेंगी। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति मंगलवार को पणजी के आजाद मैदान में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी और राज भवन में एक नागरिक अभिनंदन समारोह में भी शामिल होंगी।

अधिकारी के मुताबिक, बुधवार को मुर्मू राज भवन के दरबार हॉल में गोवा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। उन्होंने बताया कि बाद में वह तटीय राज्य में संवेदनशील जनजातीय समूहों के सदस्यों के साथ संवाद करेंगी। अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रपति बुधवार को राज्य विधानसभा परिसर में विधायकों को भी संबोधित करेंगी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को मुर्मू उत्तरी गोवा में 17वीं सदी की पुर्तगाली संरचना फोर्ट अगुआड़ा का दौरा करेंगी।

अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को ओल्ड गोवा के चर्च बेसिलिका आॅफ बॉम जीसस भी जाएंगी, जहां 16वीं सदी के संत फ्रांसिस जेवियर के अवशेष रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि मुर्मू दिल्ली लौटने से पहले पोंडा में प्रसिद्ध शांतादुर्गा मंदिर भी जाएंगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav