
लॉस एंजिलिस. अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अमेरिका में एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की. अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर राजामौली और तेलुगु फिल्म के संगीतकार एमएम कीरवानी के साथ तस्वीरें साझा की हैं. कीरवानी को उनके गाने ‘नाटु नाटु’ के लिए ‘गोल्डन ग्लोब्स’ और ‘क्रिट्क्स च्वाइस अवॉर्ड’ मिले हैं.
प्रियंका ने ‘आरआरआर’ टीम को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने फिल्म के सफर में योगदान दिया है.
उनके पोस्ट का जवाब देते हुए फिल्मकार ने प्रियंका को ‘वैश्विक सुपरवूमन’ करार दिया और तारीफ के लिए उनका आभार जताया.
राजामौली द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आरआरआर’ भारतीय क्रांतिकारियों की एक काल्पनिक कहानी है. फिल्म में राम चरण और जूनियर एनटीआर अहम भूमिका में हैं. यह फिल्म 1920 के दशक के समय पर आधारित है जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था.



